
चीन की EV निर्माता BYD ने दिल्ली में खोला शोरूम, अक्टूबर में लॉन्च करेगी नई कार
क्या है खबर?
भारतीय पैसेंजर वाहन सेगमेंट में चीन की इलेक्ट्रिक कार कंपनी BYD (बिल्ड योर ड्रीम्स) प्रवेश कर चुकी है। यह कंपनी 11 अक्टूबर को देश में अपनी दूसरी इलेक्ट्रिक कार अट्टो लॉन्च करने जा रही है।
BYD पिछले कई सालों से भारत के कमर्शियल सेक्टर में EVs का कारोबार कर रही है। कुछ ही महीने पहले मुंबई में शोरूम शुरू करने के बाद कंपनी ने अब उत्तर भारत में अपना दायरा बढ़ाने के लिए नई दिल्ली में शोरूम खोला है।
स्पेक्स
अट्टो होगी BYD की दूसरी कार
कंपनी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि नई इलेक्ट्रिक SUV अट्टो कंपनी के E प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जिसे टेस्ला की कारों से प्रेरित बताया जा रहा है।
कंपनी का दावा है कि यह MG ZS EV और हुंडई कोना जैसे अपने प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में बेहतर ड्राइविंग आराम प्रदान करेगी।
अट्टो 3 भारत में BYD की पैसेंजर वाहन सेगमेंट में दूसरी कार होगी। मौजूदा समय में कंपनी e6 MPV की बिक्री पहले से कर रही है।
अट्टो 3
क्या मिलेगा BYD की इस नई कार में खास
नई BYD अट्टो 3 में स्लीक हेडलैम्प्स, नये डिजाइन वाले अलॉय व्हील्स, क्रोम-फिनिश के साथ खिड़कियां और स्लोपिंग रूफलाइन होगी, जो इसे एक स्पोर्टी लुक देगी।
इसमें पैनोरमिक सनरूफ, ऑटो अनलॉक टेलगेट और ऑटो इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल ORVMs शामिल होंगे।
अन्य फीचर्स के रूप में इसमें एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) और इलेक्टॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम की सुविधा भी मिल सकती है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ऑटो एक्सपो 2023 (भारत) में BYD कई इलेक्ट्रिक सेडान और SUVs गाड़ियां पेश करने वाली है।
BYD e6
भारत में 29.15 लाख रुपये है इसकी मौजूदा कार की कीमत
BYD का मौजूदा मॉडल e6 एक पांच-सीटर प्रीमियम MPV है, जिसे भारत में CKD या कंप्लीटली नॉक्ड डाउन यूनिट के रूप में लाया जाता है।
इसकी एक्स शोरूम कीमत 29.15 लाख से शुरू होती है, जो दो वेरिएंट GL और GLX में उपलब्ध है।
सिंगल चार्ज में यह कार 500 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज दे सकती है। DC चार्जर के उपयोग से 1.5 घंटे में इसकी बैटरी को फुल चार्ज किया जा सकता है।
जानकारी
किसे कहते हैं CKD रूट?
नॉक्ड डाउन यूनिट (CKD) में गाड़ियां पार्ट्स में किसी देश में आयात की जाती हैं और फिर देश में असेंबली प्लांट में इन्हें असेंबल किया जाता है। इसे दो भागों- सेमी नॉक्ड डाउन यूनिट (SKD) या CKD के रूप में जाना जाता है।
वहीं, दूसरी तरफ CBU यानी कंप्लीट बिल्ड यूनिट के तहत एक ऑटोमोबाइल को इसके निर्माता देश में पूरी तरह से असेंबल किया जाता है और फिर अन्य देश में भेजा जाता है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
भारत में BYD के आउटलेट या डीलरशीप खोलने का काम लैंडमार्क कार्स ने शुरू किया है। यह भारत में मर्सिडीज-बेंज, जीप और फॉक्सवैगन की कारों की मुख्य डीलर भी है।