Page Loader
महिंद्रा लेकर आएगी अपना पहला इलेक्ट्रिक पिकअप, टीजर हुआ जारी
महिंद्रा का नया इलेक्ट्रिक पिकअप (तस्वीर: महिंद्रा)

महिंद्रा लेकर आएगी अपना पहला इलेक्ट्रिक पिकअप, टीजर हुआ जारी

Aug 06, 2022
11:30 am

क्या है खबर?

देश की जानी-मानी कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा बहुत जल्द अपने कई दमदार इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में लेकर आने को पूरी तरह तैयार है। इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) के सेगमेंट में कंपनी ने अपना पहला कदम साल 2013 में इलेक्ट्रिक कार e2o के साथ रखा था। महिंद्रा 15 अगस्त को EV के क्षेत्र में बड़ी पेशकश की घोषणा पहले ही कर चुकी थी। इसके इतर, कंपनी अब अपने एक नये इलेक्ट्रिक पिकअप को भी जल्द बाजार में लॉन्च करने वाली है।

जानकारी

टीजर में क्या दिखा?

देश की दिग्गज कंपनी ने अपनी इलेक्ट्रिक कारों की रेंज की घोषणा पहले ही कर दी थी, लेकिन अब महिंद्रा ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपकमिंग इलेक्ट्रिक बोलेरो पिकअप का एक टीजर जारी किया है। इसे "पिकअप का भविष्य" टैगलाइन के साथ जारी किया गया है। इसके साथ टीजर में कोई अन्य जानकारी नहीं दी गई है। कंपनी ने इसके लिए भी वही नीले रंग रूप का इस्तेमाल किया है जो ट्रेओ इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर में किया जाता है।

स्पेक्स

भार क्षमता और चेसिस में ICE इंजन के समान होगा यह पिकअप

इस नये पिकअप का डिजाइन मौजूदा डीजल मॉडल से थोड़ा अपग्रेड होने और इलेक्ट्रिक की निशानी के तौर पर नीले रंग के एलिमेंट के साथ आने की उम्मीद है। इसमें पुराने मॉडल के समान ही भार उठाने की क्षमता भी होगी क्योंकि इसे व्यावसायिक कार्यों में प्रयोग के लिये ही डिजाइन किया गया होगा। सिंगल चार्ज क्षमता की बात की जाए तो मीडिया रिपोर्ट्स में उम्मीद जताई गई है कि यह लगभग 150 किलोमीटर की दूरी तय कर सकेगा।

अपकमिंग इलेक्ट्रिक कारें

महिंद्रा की इलेक्ट्रिक वाहन योजना

महिंद्रा एंड महिंद्रा इन दिनों EV बाजार में काफी जोर देने में लगी है। इनकी 15 अगस्त को पेश होने वाली 'बोर्न EV' रेंज लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। महिंद्रा इसके तहत पांच कारें पेश करने जा रही है, जिन्हें 'महिंद्रा एडवान्स डिजाइन यूरोप' (MADE) डिवीजन द्वारा यूनाइटेड किंगडम में डिजाइन किया गया है। इन इलेक्ट्रिक कारों के टीजर में एक SUV का डिजाइन कंपनी की मौजूदा XUV700 से मिलता है।

जानकारी

सितंबर में आएगी eXUV400

महिंद्रा ने पिछले महीने अपने एक बयान में नई इलेक्ट्रिक XUV400 के सितंबर में भारत आने की बात कही थी। हाल ही में इसे सड़कों पर टेस्टिंग दौरान भी स्पॉट किया जा चुका है। इस कार को कंपनी ने पहली बार 2020 के ऑटो एक्सपो में दिखाया था। डिजाइन के मामले में यह XUV300 का ही इलेक्ट्रिक रूप होगी। यह बाजार में मौजूद टाटा नेक्सन EV और जल्द आने वाली MG की इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर को टक्कर देगी।