Page Loader
सबसे ताकतवर पासपोर्ट: पहले स्थान पर 6 देश; भारत का कद बढ़ा, जानें पाकिस्तान का हाल  
सबसे ताकतवर पासपोर्ट में पहले नंबर पर 6 देश

सबसे ताकतवर पासपोर्ट: पहले स्थान पर 6 देश; भारत का कद बढ़ा, जानें पाकिस्तान का हाल  

लेखन महिमा
Jan 11, 2024
02:57 pm

क्या है खबर?

दुनिया के सबसे ताकतवर पासपोर्ट वाले देशों की नई सूची आई है। हेनली पासपोर्ट इंडेक्स, 2024 के अनुसार, दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट के साथ पहले नंबर पर 6 देश हैं। इस सूची में भारत की स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन पाकिस्तान शीर्ष 100 देशों में भी नहीं है। यह रैंकिंग इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के डाटा पर आधारित है।

शीर्ष 10 

किन देशों का पासपोर्ट सबसे ज्यादा शक्तिशाली?

इस सूची में पहले नंबर पर फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, सिंगापुर और स्पेन हैं, जिनके नागरिक दुनिया के 227 देशों में से 194 में वीजा मुक्त यात्रा कर सकते हैं। 193 देशों में वीजा मुक्त यात्रा के साथ दक्षिण कोरिया, फिनलैंड और स्वीडन दूसरे नंबर पर हैं। तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, आयरलैंड और नीदरलैंड है। चौथे नंबर पर ब्रिटेन, बेल्जियम, नॉर्वे, लक्समबर्ग, पुर्तगाल है। 5वें नंबर पर ग्रीस, माल्टा, स्विट्जरलैंड; 6वें नंबर पर ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और चेक रिपब्लिक हैं।

जानकारी

शीर्ष 10 में और कौ से देश शामिल?

इस सूची में 7वें नंबर पर कनाडा और अमेरिका है। इसी तरह एस्टोनिया और लिथुआनिया 8वें स्थान पर हैं, जबकि लातविया, स्लोवाकिया और स्लोवेनिया 9वें स्थान पर हैं। आइसलैंड अकेला 10वें स्थान पर है।

भारत 

भारत की क्या स्थिति?

इस सूची में भारत 80वें नंबर पर है। भारतीय नागरिक बिना वीजा के 62 देशों में यात्रा कर सकते हैं, जिसमें बाराबडोस, फिजी, भूटान, मालदीव, टोगो, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड जैसे देश शामिल हैं। भारत के साथ उज्‍बेकिस्‍तान भी 80वें नंबर पर है। बता दें कि साल 2023 में भारत इस सूची में 83वें स्थान पर था, यानी वो 3 पायदान ऊपर चढ़ा है। भारत का पड़ोसी देश चीन पपुआ न्यू गिनी के साथ सूची में 62वें नंबर पर है।

कमजोर पासपोर्ट

सबसे कमजोर पासपोर्ट की सूची में शामिल पाकिस्तान  

पाकिस्तान का पासपोर्ट दुनिया का चौथा सबसे कमजोर पासपोर्ट है और वह 101वें नंबर पर है। वह यमन से भी नीचे है, जो 100वें स्थान पर है। अफगानिस्तान का पासपोर्ट दुनिया का सबसे कमजोर पासपोर्ट है और वो 104वें स्थान के साथ सबसे निचले पायदान पर है। वर्तमान में अफगानिस्तान के नागरिक मात्र 28 देशों में वीजा मुक्त यात्रा कर सकते हैं। इसके बाद सीरिया और इराक हैं, जिनके पासपोर्ट नीचे से क्रमशः दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं।

रैंकिंग आधार

कैसे तय होती है पासपोर्ट की रैंकिंग?

हेनले पासपोर्ट इंडेक्स में रैंकिंग इस आधार पर तय होती है कि किस देश का पासपोर्ट धारक कितने देशों की वीजा मुक्त यात्रा कर सकता है। इसके लिए IATA के डाटा का इस्तेमाल किया जाता है। रैंकिंग के लिए पूरे साल रियलटाइम डाटा अपडेट किया जाता है और वीजा नीति के बदलावों का भी ध्यान रखा जाता है। रैंकिंग की सूची पहली बार जनवरी और दूसरी बार जुलाई में जारी की जाती है।