
12 दिनों तक जागता रहा यूट्यूबर, जानिए किसके नाम है सबसे अधिक दिन जागने का रिकॉर्ड
क्या है खबर?
नींद स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए डॉक्टर और स्वास्थ्य विशेषज्ञ रोजाना पर्याप्त नींद लेने की सलाह देते हैं।
हालांकि, कुछ लोग विश्व रिकॉर्ड बनाने के चक्कर में अपनी सेहत के साथ खिलवाड़ करने लगते हैं।
ऐसा ही कुछ ऑस्ट्रेलिया के नॉर्मे नामक यूट्यूबर ने किया है। उन्होंने लगातार 12 दिनों तक जागकर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया और इसे अपने यूट्यूब चैनल पर लाइवस्ट्रीम भी किया, जिसमें देखा जा सकता है कि उन्हें काफी दिक्कते भी हुईं।
यूट्यूबर
नॉर्मे को करना पड़ा इन परेशानियों का सामना
नॉर्मे के पूरे लाइवस्ट्रीम के दौरान उनका भाई डॉन विभिन्न तरीकों से उन्हें जागते रहने में मदद करता रहा।
इसमें उन पर पानी छिड़कना और झपकी आने पर उन्हें खड़ा होने के लिए मजबूर करना आदि शामिल रहा।
हालांकि, नॉर्मे की लाइवस्ट्रीम को देकर यूट्यूब यूजर्स काफी चिंतित हो गए। उन्होंने नॉर्मे को भ्रम, सिरदर्द, चेतना खोना और कई दिक्कतें होते हुए देखकर उससे यह प्रयास बंद करने के आग्रह भी किए।
जानकारी
गिनीज बुक अब नहीं दर्ज करती जागने से संबंधित रिकॉर्ड
भले ही 12 दिन तक जागकर और कई समस्याओं का सामना करके नॉर्मे ने एक नया कीर्तिमान बना दिया हो, लेकिन इस तरह के रिकॉर्ड को अब गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स आधिकारिक रूप से मान्यता नहीं देता है।
पिछले साल गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने एक बयान में कहा था, "अब हमारा संगठन नींद की कमी से जुड़े अंतर्निहित खतरों के कारण ऐसे रिकॉर्ड की निगरानी नहीं करेगा और किसी को भी इसे तोड़ने के लिए इनाम नहीं मिलेगा।"
रिकॉर्ड
आखिरी बार रॉबर्ट मैकडॉनल्ड ने बनाया था सबसे अधिक जागने का विश्व रिकॉर्ड
कैलिफोर्निया के रहने वाले रॉबर्ट मैकडॉनल्ड आखिरी व्यक्ति थे, जिन्होंने साल 1986 में 'सबसे अधिक जागने का विश्व रिकॉर्ड' बनाया था।
उनका रिकॉर्ड 453 घंटे और 40 मिनट का था, जो लगभग 18 दिन, 21 घंटे और 40 मिनट होत हैं।
मैकडॉनल्ड उस समय 27 साल के थे, जिन्हें इस प्रयास के कारण चीजों को याद रखने में सबसे ज्यादा कठिनाई हुई।
लोकल मीडिया को इंटरव्यू देते हुए मैकडॉनल्ड ने बताया, "यह प्रयास बिल्कुल भी आसान नहीं था।"
गिनीज बुक
डेव हंटर और पीटर ट्रिप ने सबसे पहले बनाया था यह रिकॉर्ड
दुनिया में सबसे अधिक समय तक जागने का विश्व रिकॉर्ड सबसे पहले साल 1959 में डेव हंटर और पीटर ट्रिप नामक दो रेडियो डीजे ने बनाया था, लेकिन हंटर का रिकॉर्ड समय अधिक है क्योंकि उन्होंने ट्रिप से 2 घंटे पहले अपना प्रयास शुरू किया था।
जहां ट्रिप ने 8 दिन और 9 घंटे जागने का रिकॉर्ड बनाया, वहीं हंटर ने 9 दिन और 9 घंटे जागने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था।