Page Loader
क्या आप जानते हैं? साल 1582 के अक्टूबर महीने में थे 10 दिन कम
अक्टूबर, 1582 में से 10 दिन कहां गायब हो गए?

क्या आप जानते हैं? साल 1582 के अक्टूबर महीने में थे 10 दिन कम

लेखन अंजली
Jul 19, 2024
12:57 pm

क्या है खबर?

चलिए हम आपसे एक सवाल पूछते हैं, अक्टूबर में कितने दिन होते हैं? आप कहेंगे, 31 दिन। अब अपना फोन खोलिए और उसमें कैलेंडर पर जाकर साल 1582 पर जाइए। साल 1582 के कैलेंडर में अक्टूबर को गौर से देखिए, आप पाएंगे कि इसमें 31 की बजाय केवल 21 दिन हैं और 10 दिन गायब हैं। चौंक गए ना! आइए जानते हैं कि 1582 के कैलेंडर में 10 दिन कम क्यों थे।

कम दिन

सबसे पहले जानें अक्टूबर, 1582 के कैलेंडर में क्या है

अगर आप अक्टूबर, 1582 का कैलेंडर खोलेंगे तो पाएंगे कि इसमें 4 तारीख के बाद सीधे 15 तारीख है, यानी बीच में 5 अक्टूबर से लेकर 14 अक्टूबर तक के 10 दिन गायब हैं। कई लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी तस्वीर ट्वीट करते हुए हैरानी जताई है। एक महिला यूजर्स ने लिखा, 'क्या कोई 1582 के अक्टूबर के बारे में समझा सकता है? समय वास्तविक नहीं है।'

कारण

इस कारण कम किए गए 10 दिन

दरअसल, 1582 से पहले यूरोपीय देशों में जूलियन कैलेंडर चलता था, जिसे 40 ईसा पूर्व के आसपास रोम के शासक जूलियस सीजर ने जारी किया था। हालांकि, यह सामान्य सौर वर्ष से 11 मिनट 14 सेकंड लंबा था, जिसके कारण जूलियन कैलेंडर में हर 314 साल में एक दिन बढ़ जा रहा था। इसके कारण ईसाई त्योहार ईस्टर की तारीख निर्धारित करने में दिक्कत होने लगी। 1582 तक 10 दिन का अंतर हो गया, जिन्हें अक्टूबर में कम किया गया।

ग्रेगोरियन कैलेंडर

कैसे कम किए गए 10 दिन?

ईस्टर की तारीख और वास्तविक ईस्टर के बीच अंतर बढ़ता देख 1562-63 में कैथोलिक चर्च की परिषद ने पोप से नया संशोधित कैलेंडर जारी कर इस अंतर को ठीक करने को कहा गया। इसके लगभग 20 साल बाद फरवरी, 1582 में पोप ग्रेगरी 13वें ने नया कैलेंडर लागू कर दिया, जिसमें से जूलियन कैलेंडर के 10 बढ़े हुए दिन कम कर दिए गए। इसे ग्रेगोरियन कैलेंडर कहा जाता है, जो अभी भी दुनियाभर में इस्तेमाल होता है।

अक्टूबर क्यों?

अक्टूबर से ही क्यों कम किए गए दिन?

अब सवाल ये है कि क्यों अक्टूबर में से ही 10 दिन कम किए गए। इसका कारण ईसाई त्यौहार हैं। दरअसल, चर्च ऐसे 10 दिन कम करना चाहता था, जिनमें कोई ईसाई त्यौहार न पड़े। 4 अक्टूबर, 1582 को सेंट फ्रांसिस ऑफ असीसी का पर्व था और इसके बाद अगले 14 अक्टूबर तक कोई त्योहार नहीं था। इसी कारण 5 से 14 अक्टूबर तक के दिन कैलेंडर से हटा दिए गए और 4 अक्टूबर के बाद सीधा 15 अक्टूबर आया।