LOADING...
जापान का किसान उगाता है दुनिया के सबसे महंगे आम, एक की कीमत लगभग 19,000 रुपये 
जापान में अलग तकनीक से उगाया जा रहा है दुनिया का सबसे महंगा आम (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जापान का किसान उगाता है दुनिया के सबसे महंगे आम, एक की कीमत लगभग 19,000 रुपये 

लेखन अंजली
May 09, 2023
04:55 pm

क्या है खबर?

दुनियाभर में आम की कई किस्में मौजूद हैं, जिनमें हर एक किस्म के आम का रंग, आकार और स्वाद अलग-अलग होता है। इनके अनुसार इनकी कीमतों में भी अंतर होता है। आप सोच रहे होंगे यह अंतर 100- 200 रुपये प्रति किलोग्राम तक का हो सकता है, लेकिन आम की एक किस्म की कीमत लाखों में है। इस किस्म का नाम मियाजाकी (miyazaki) है, जिसकी खेती जापान का एक किसान बहुत ही अलग तरीके से करता है।

खेती

ग्रीनहाउस में आम की खेती करता है किसान

जापान के होक्काइडो द्वीप पर एक ग्रीनहाउस के अंदर 62 वर्षीय हिरोयुकी नाकागावा नामक किसान दुनिया के सबसे महंगे आम की खेती करता है। यहां दिसंबर में बाहर का तापमान -8 डिग्री सेल्सियस होता है, लेकिन ग्रीनहाउस के अंदर तापमान 36 डिग्री के आसपास रहता है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, नाकागावा साल 2011 से जापान के सबसे उत्तरी द्वीप के बर्फीले टोकाची क्षेत्र में आम उगा रहे हैं। वह 230 डॉलर (लगभग 18,883 रुपये) में एक आम बेचते हैं।

काम

पहले पेट्रोलियम कंपनी चलाता था नाकागावा

नाकागावा पहले एक पेट्रोलियम कंपनी चलाता था, फिर कुछ सालों के बाद उसने आम की खेती शुरू की। मियाजाकी के दक्षिणी प्रांत के एक अन्य किसान के मार्गदर्शन में सर्दियों के महीनों में आम उगाना संभव हुआ। धीरे-धीरे उसने अपने खेत की स्थापना की और साथ ही अपने स्टार्टअप 'नोरावर्क्स जापान' की स्थापना की। कुछ साल बाद उसने अपने आम ब्रांड को 'हकुगिन नो ताइयो' के रूप में ट्रेडमार्क किया, जिसका अनुवाद "सन इन द स्नो" है।

Advertisement

तरीका

2 प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करता है नाकागावा

नाकागावा खेती के लिए प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर रहा है, जिसमें बर्फ और गर्म पानी के झरने शामिल हैं। वह सर्दियों के महीनों से बर्फ जमा करता है और गर्मियों में इसका उपयोग अपने ग्रीनहाउस को ठंडा करने के लिए करता है, जिससे फलों के खिलने में देरी होती है। फिर सर्दियों में वह ग्रीनहाउस को गर्म करने के लिए गर्म पानी के झरनों का उपयोग करता है और बिना मौसम के लगभग 5,000 आमों की कटाई करता है।

Advertisement

विशेषताएं

दुनिया के सबसे महंगे आम की विशेषताएं

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाकागावा द्वारा उगाए जाने वाले आम सामान्य आमों की तुलना में बहुत अधिक मीठे होते हैं और इन आमों की मक्खन जैसी चिकनी बनावट होती है। यही नहीं, ये एंटी-ऑक्सीडेंट, बीटा-कैरोटीन और फॉलिक एसिड जैसे कई जरूरी गुणों से समृद्ध होते हैं। एक आम का वजन करीब 350 ग्राम होता है, यानि एक किलोग्राम पर लगभग तीन आम चढ़ेंगे। इस तरह से एक किलो आम की कीमत लगभग 56,649 रुपये होती है।

लक्ष्य

एशिया की सर्वश्रेष्ठ महिला शेफ नाकागावा के ग्राहकों में शामिल

नाकागावा के ग्राहकों में एशिया की सर्वश्रेष्ठ महिला शेफ नत्सुको शोजी भी शामिल हैं, जो अपने केक में महंगे आमों का उपयोग करती हैं। विदेशों में भी उनके ग्राहक हैं और वे अपने आमों को हांगकांग में भी बेचते हैं। फिर भी नाकागावा अभी तक संतुष्ट नहीं हैं। उनका लक्ष्य टोकाची को सर्दियों के फल उत्पादन केंद्र में बदलने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए उसी पद्धति का उपयोग करके अन्य उष्णकटिबंधीय उपज उगाना है।

Advertisement