Page Loader
जापान में आवाज करते हुए खाना माना जाता है अच्छा, जानिये ऐसे ही अन्य अजीबोगरीब तौर-तरीके
खाने-पीने से जुड़े अजीबोगरीब तरीके (तस्वीर: फ्रीपिक)

जापान में आवाज करते हुए खाना माना जाता है अच्छा, जानिये ऐसे ही अन्य अजीबोगरीब तौर-तरीके

लेखन गौसिया
Dec 16, 2023
05:39 pm

क्या है खबर?

दुनियाभर के देशों में खान-पान से जुड़ी अपनी अलग-अलग परंपराएं निभाई जाती हैं, जिनका अपना-अपना महत्व है। हालांकि, कुछ परंपराएं और रीति-रिवाजें ऐसे भी हैं, जो खान-पान के तरीकों से जुड़ी हुई हैं, जो बताती हैं कि आपको खाना खाने की तहजीब है या नहीं। इनमें कहीं हाथ से खाना खाने की तो कहीं चम्मच की मदद से खाना खाने के तरीके शामिल हैं। आइये आज खान-पान से जुड़ी ऐसे ही 5 अजीबोगरीब तरीकों के बारे में जानते हैं।

#1

थाईलैंड

थाईलैंड में खाना खाने का तरीका बहुत ही अजीब है। यहां कांटे वाली चम्मच यानी फॉर्क से खाना उठाकर सीधे मुंह में डालकर खाना अच्छा नहीं माना जाता। ऐसा इसलिए है क्योंकि यहां के लोग फॉर्क का इस्तेमाल सिर्फ खाना उठाकर उसे चम्मच में रखने के लिए करते हैं। इसका मतलब है कि जब आप खाना खा रहे हैं तो फॉर्क की मदद से खाने को चम्मच में रखिए और फिर चम्मच से खाना खाइये।

#2

जापान

बहुत से लोग खाना खाते हैं तो चबड़-चबड़ की आवाज आती है, जिसे ज्यादातर जगहों पर खराब माना जाता है, लेकिन जापान में ऐसा नहीं है। यहां पर अगर कोई व्यक्ति आवाज करके सूप पी रहा या नूडल्स खा रहा है, तो उसे बुरा नहीं माना जाता। यहां के लोगों का मानना है कि इस तरह से भोजन करने से खाने का स्वाद बढ़ जाता है। साथ ही इस तरीके से गर्म खाना भी अच्छे से खा पाते हैं।

#3

भारत

भारत और कई मध्य-पूर्व एशियाई देशों में बाएं हाथ से खाना खाना अशुभ माना जाता है। लोगों का मानना है कि बाएं हाथ का इस्तेमाल खुद की सफाई के लिए किया जाता है, इसलिए उस हाथ से खाना नहीं खाना चाहिए। इसके लिए वह दाहिना हाथ का इस्तेमाल करते हैं। लोगों का मुताबिक, भोजन करने के लिए और अन्य अच्छे कामों के लिए दाहिने हाथ का इस्तेमाल अच्छा है। यहां जानिए खान-पान से जुड़ी भारतीय परंपराओं के बारे में

#4

दक्षिण कोरिया

बहुत-सी जगहों पर ऐसा होता है कि जब किसी को भूख लगती है वह खाना खा लेता है, लेकिन दक्षिण कोरिया में ऐसा नहीं है। यहां जब तक परिवार का बुजुर्ग व्यक्ति खाना खाना शुरू नहीं करता, तब तक टेबल पर बैठा हुआ कोई अन्य सदस्य भी खाना नहीं खाता है। यही नहीं, जब तक बुजुर्ग सदस्य का खाना खत्म नहीं हो जाता, तब तक कोई टेबल छोड़कर भी नहीं जा सकता है।

#5

इटली 

इटली में अगर आप सीफूड के ऊपर चीज मांगते हैं तो इसे अच्छा नहीं माना जाता है। यहां के लोगों का मानना है कि अगर कोई व्यक्ति मछली के साथ चीज खाता है उसे भी मछलियों के साथ तैरना पड़ता है। यही नहीं यहां पर खाने के बाद दूध वाले पेय पदार्थ पीना भी अच्छा नहीं माना जाता है क्योंकि यह पाचन को प्रभावित करता है। इसके बजाय यहां के लोग खाने के बाद ब्लैक कॉफी पीना पसंद करते हैं।