Page Loader
चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में भारतीय बल्लेबाजों के नाम दर्ज हैं ये अहम रिकॉर्ड्स
चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार 2 मैचों में शतक लगा चुके हैं धवन (तस्वीर: एक्स/@ICC)

चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में भारतीय बल्लेबाजों के नाम दर्ज हैं ये अहम रिकॉर्ड्स

Feb 16, 2025
04:54 pm

क्या है खबर?

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत 19 फरवरी को होगी, जिसके पहले मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम कराची के नेशनल स्टेडियम में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की मेजबानी करेगी। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ करेगी। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज जीतने वाली भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार है। इस बीच टूर्नामेंट के इतिहास में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा बनाए गए अविश्वसनीय रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।

साझेदारी 

सहवाग-गांगुली के नाम पर दर्ज है सबसे बड़ी साझेदारी (पहले विकेट के लिए)

चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग और सौरव गांगुली के नाम पर दर्ज है। 2000 के संस्करण में कोलंबो में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में भारत ने मात्र 28.4 ओवर में पहले विकेट के लिए 192 रन जोड़े थे। सहवाग ने 126 रन की तेज पारी खेली, जबकि गांगुली 117 रन बनाकर नाबाद रहे थे। भारत ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। यह टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।

शतक 

लगातार 2 मैचों में शतक लगा चुके हैं धवन और गांगुली 

शिखर धवन और गांगुली चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में लगातार मैचों में शतक लगाने वाले 5 बल्लेबाजों में शामिल हैं। इस सूची में सईद अनवर, उपुल थरंगा और क्रिस गेल जैसे बेहतरीन बल्लेबाज भी शामिल हैं। गांगुली ने 2000 के संस्करण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 141* और न्यूजीलैंड के खिलाफ 117 रन बनाए थे। धवन ने 2013 में दक्षिण अफ्रीका (114) और वेस्टइंडीज (102*) के खिलाफ शतक बनाए थे।

धवन 

2 संस्करणों में सर्वाधिक रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं धवन 

धवन चैंपियंस ट्रॉफी के 2 संस्करणों में सर्वाधिक रन बनाने वाले विश्व के इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2013 के संस्करण में 5 पारियों में 90.75 की औसत से 363 रन बनाए और टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्होंने 2017 संस्करण में उन्होंने 5 पारियों में 67.60 की औसत और 101.80 की स्ट्राइक रेट के साथ 338 रन बनाए थे। भारतीय टीम उपविजेता रही थी।

गांगुली 

गांगुली ने लगाए हैं सर्वाधिक छक्के 

गांगुली के नाम चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी है। टूर्नामेंट में अपने 13 मैचों में गांगुली ने कुल 17 छक्के लगाए थे। यह रिकॉर्ड उन्होंने गेल (15), इयोन मोर्गन (14), शेन वॉटसन (12) और पॉल कॉलिंगवुड (11) जैसे अन्य आक्रामक बल्लेबाजों से आगे रखता है। सौरव गांगुली ने 2000 के संस्करण के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 130 गेंदों में 117 रन बनाए थे। वह फाइनल में शतक लगाने वाले इकलौते भारतीय हैं।