Page Loader
इन देशों ने की है ओलंपिक खेलों की सबसे ज्यादा मेजबानी
26 जुलाई से शुरू होंगे पेरिस ओलंपिक (तस्वीर: एक्स/@Olympics)

इन देशों ने की है ओलंपिक खेलों की सबसे ज्यादा मेजबानी

Jul 22, 2024
06:29 pm

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक की शुरुआत 26 जुलाई से होगी, जिसमें दुनिया भर के लगभग 10,500 खिलाड़ी हिस्सा लेते हुए नजर आएंगे। इस संस्करण में कुल 32 खेलों की 329 स्पर्धाओं में पदकों के लिए खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करेंगे। भारत के कुल 117 खिलाड़ी इन खेलों में हिस्सा लेंगे। पेरिस तीसरी बार खेलों के महाकुंभ की मेजबानी करने के लिए तैयार है। इस बीच ओलंपिक खेलों की सबसे ज्यादा बार मेजबानी करने वाले देशों के बारे में जानते हैं।

#1 

अमेरिका (4 बार)

ओलंपिक इतिहास में सबसे ज्यादा अमेरिका ने 4 मौकों पर खेलों की मेजबानी की है। इस देश में पहली बार ओलंपिक 1904 में सेंट लुइस में हुए थे। इसके बाद लॉस एंजिल्स ने 1932 और 1984 में इन खेलों की मेजबानी की थी। इसके बाद अमेरिका में आखिरी बार 1996 में ये वैश्विक खेल खेले गए थे। बता दें कि लॉस एंजिल्स के पास ही 2028 खेलों के अधिकार भी हैं।

#2 

यूनाइटेड किंगडम की बराबरी कर लेगा फ्रांस 

यूनाइटेड किंगडम 3 ग्रीष्मकालीन खेलों (1908, 1948 और 2012) की मेजबानी कर चुका है और तीनों ही आयोजन लंदन में हुए हैं। दिलचस्प रूप से किसी अन्य शहर ने 3 या उससे अधिक ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों की मेजबानी नहीं की है। 2024 संस्करण की शुरुआत के बाद पेरिस भी लंदन के साथ शामिल हो जाएगा। बता दें कि पेरिस ने इससे पहले 1904 और 1924 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी की थी।

#3 

ग्रीस और जर्मनी (2-2 बार)

पहला ग्रीष्मकालीन खेल 1896 में ग्रीक शहर एथेंस में हुआ था। इसके बाद खेलों का तीसरा संस्करण 2004 में एथेंस में ही हुआ था। वहीं, जर्मनी ने भी 2 बार ग्रीष्मकालीन ओलंपिक की मेजबानी की हुई है। उन्होंने पहली बार 1936 में बर्लिन शहर में इस वैश्विक खेलों की मेजबानी की थी। जर्मनी ने इसके बाद 1972 में म्यूनिख में दूसरी बार इन खेलों की मेजबानी की थी।

#4 

ऑस्ट्रेलिया और जापान (2-2 बार)

अमेरिका, इंग्लैंड, फ़्रांस, ग्रीस और जर्मनी के अलावा ऑस्ट्रेलिया और जापान ऐसे अन्य देश हैं, जिसने एक से अधिक मौकों पर ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों की मेजबानी की हैं। मेलबर्न 1956 में ग्रीष्मकालीन खेलों की मेजबानी करने वाला पहला ऑस्ट्रेलियाई शहर था। वहीं, लम्बे अंतराल के बाद 2000 में सिडनी में ये खेल सम्पन्न हुए थे। जापान के टोक्यो में 1964 और 2021 में ओलंपिक खेल सफलतापूर्वक खेले जा चुके हैं।