टेस्ट और सीमित ओवर्स क्रिकेट में अलग-अलग कप्तान नहीं चाहते कपिल देव
क्या है खबर?
सीमित प्रारूप में रोहित शर्मा भारतीय टीम के उपकप्तान हैं। नियमित कप्तान विराट कोहली की गैरमौजूदगी में रोहित टीम की कमान संभालते रहे हैं और कप्तानी में सफल भी हुए हैं। दूसरी तरह IPL में भी उन्होंने कप्तानी का लोहा मनवाया है।
ऐसे में रोहित को सीमित प्रारूप में टीम का कप्तान बनाए जाने की बात सामने आती रही हैं।
इस बीच कपिल देव का मानना है कि भारतीय टीम में अलग-अलग प्रारूपों के लिए अलग कप्तान सही नहीं है।
बयान
एक कंपनी में दो CEO नहीं होते- कपिल देव
इस समय तीनों प्रारूपों में विराट कोहली भारतीय कप्तान हैं। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में दो अलग कप्तान देखने को मिलते रहे हैं। हालांकि, कपिल देव इस हक में नहीं दिखते हैं।
कपिल ने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा, "हमारी संस्कृति में ऐसा नहीं होता है। एक कंपनी में क्या आप दो CEO बनाते हैं? अगर कोहली टी-20 खेलने जा रहे हैं और वह काफी अच्छे हैं, तो उन्हें वहीं रहने दो। हालांकि, मैं अन्य लोगों को भी देखना चाहूंगा।"
बयान
दो कप्तानों से होगी यह समस्या
पहली बार भारत को विश्व कप का खिताब दिलवाने वाले कपिल देव का मानना है कि दो कप्तान टीम के लिए सही साबित नहीं होंगे।
उन्होंने आगे कहा, "सभी प्रारूपों में हमारी टीम 70 से 80 प्रतिशत एक जैसी है। उन्हें अलग-अलग विचारों वाले कप्तान पसंद नहीं आएंगे। यह खिलाड़ियों के बीच अंतर ला सकता है। अगर आप दो अलग कप्तान रखोगे तो खिलाड़ी सोच सकते हैं कि वह टेस्ट में मेरा कप्तान होगा, इसीलिए मैं उसे नाराज नहीं करूंगा।"
कप्तानी
कप्तानी में बेमिसाल रहे हैं रोहित शर्मा
रोहित की कप्तानी में भारत ने निदहास ट्रॉफी और एशिया कप जीता है। इसके अलावा वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज भी जीती है।
रोहित की कप्तानी में भारत ने कुल 29 में से 23 अंतरराष्ट्रीय मैच जीते हैं, जबकि केवल छह मैचों में टीम को हार मिली है।
वहीं IPL के इतिहास में रोहित सबसे सफल कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने रिकॉर्ड पांच बार IPL का खिताब जीता है।
बयान
अगर रोहित भारत की कप्तानी नहीं करते तो यह शर्म की बात होगी- गंभीर
इससे पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर, रोहित शर्मा को कप्तान बनाने की बात कह चुके हैं।
गंभीर ने कहा था, "हम धोनी को भारत का सफल कप्तान कहते हैं क्योंकि उन्होंने दो विश्वकप और तीन IPL खिताब जीते हैं। रोहित ने पांच बार IPL जीता है। उन्हें वाइट बॉल या टी-20 क्रिकेट की कप्तानी नहीं मिलती तो यह शर्म की बात है।"
गंभीर ने कोहली को IPL में RCB की कप्तानी से भी हटाने की बात कही थी।
परिणाम
पहले भी भारतीय टीम के रह चुके हैं दो अलग-अलग कप्तान
भारत ने पहले भी सिमित ओवर्स और टेस्ट में दो अलग-अलग कप्तानों को नियुक्त किया है, जो कि परिणाम के लिहाज से अच्छा भी रहा है।
पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था, जिसके बाद टीम की कमान विराट कोहली को सौंप दी गई। हालांकि, धोनी ने 2017 तक वनडे और टी-20 में नेतृत्व करना जारी रखा।
इस बीच भारत ने 14 टेस्ट, 13 वनडे और आठ टी-20 सीरीज जीती थी।