
चोट के चलते नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेलों से हुए बाहर
क्या है खबर?
राष्ट्रमंडल खेल की शुरुआत 28 जुलाई से बर्मिंघम में होनी है। इससे ठीक पहले भारत के लिए बुरी खबर सामने आई है।
दरअसल, भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा नहीं लेंगे। वह हाल ही में यूजीन में आयोजित हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान चोटिल हो गए थे और आगामी खेलों से पीछे हट गए हैं।
आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
शत-प्रतिशत फिट नहीं है नीरज
भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के महासचिव राजीव मेहता ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने ANI को बताया, "नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेलों में नहीं खेल पाएंगे क्योंकि वह शत-प्रतिशत फिट नहीं है। वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में चोटिल होने के कारण वह फिट नहीं है। उन्होंने हमें इस बारे में सूचित किया है।"
बता दें नीरज ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल करके इतिहास रच दिया था।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
नीरज वर्ल्ड एथलेटिक्स में पदक जीतने के साथ-साथ ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाले इकलौते भारतीय हैं। बता दें उन्होंने पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप
88.13 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से नीरज ने जीता रजत पदक
वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में नीरज ने अपने पहले प्रयास में फाउल कर दिया था। अगले दो प्रयास में वह 87 मीटर के करीब पहुंचे थे, लेकिन फिर भी मेडल की रेस से बाहर चल रहे थे।
चौथे प्रयास में नीरज ने 88.13 मीटर की दूरी हासिल की और इसी थ्रो ने उन्हें रजत पदक जिताया। अंतिम थ्रो में उन्हें गोल्ड के लिए लगभग 91 मीटर की दूरी हासिल करनी थी, जिसमें वह नाकाम रहे थे।
एंडरसन पीटर्स
एंडरसन पीटर्स ने जीता था गोल्ड
ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 90.54 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था। इस प्रतियोगिता का कांस्य चेक एथलीट जैकब वडलेज्चो ने 88.09 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ जीता था।
वहीं भारत के अन्य भाला फेंक खिलाड़ी रोहित यादव 10वें स्थान पर रहे थे। उन्होंने फाइनल में 78.72 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था। 21 वर्षीय रोहित पहली बार वर्ल्ड एथलेटिक्स में हिस्सा ले रहे थे।
इतिहास
ओलंपिक में एथलेटिक्स गोल्ड जीतने वाले इकलौते भारतीय हैं नीरज
टोक्यो ओलंपिक में जैवलिन थ्रो फाइनल में 87.58 मीटर के शानदार थ्रो के साथ, नीरज ने एथलेटिक्स में भारत के लिए पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक हासिल किया था।
नीरज ओलंपिक इतिहास में स्वर्ण पदक (व्यक्तिगत स्पर्धा) जीतने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बने थे। उनसे पहले अभिनव बिंद्रा यह कारनामा कर चुके हैं।
बिंद्रा ने बीजिंग ओलंपिक 2008 में स्वर्ण जीता था। भारत के पास अब ओलंपिक इतिहास में कुल 10 स्वर्ण पदक हो गए हैं।