Page Loader
कोरोना वायरस से जंग में ये खिलाड़ी अब वर्दी पहनकर निभा रहे हैं ड्यूटी

कोरोना वायरस से जंग में ये खिलाड़ी अब वर्दी पहनकर निभा रहे हैं ड्यूटी

लेखन Neeraj Pandey
Mar 28, 2020
12:41 pm

क्या है खबर?

भारत फिलहाल कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है और इसमें देश के हर नागरिक को अपना सहयोग देने की जरूरत है। हमने कई खिलाड़ियों को खेल के मैदान पर अपना जौहर दिखाते देखा है, लेकिन वर्तमान समय में ये खिलाड़ी अलग तरीके से देश की सेवा कर रहे हैं। आइए आपको मिलाते हैं पुलिस की वर्दी में जनता की सेवा कर रहे भारतीय खिलाड़ियों से।

जोगिंदर शर्मा

विश्व कप विजेता खिलाड़ी कर रहा है ड्यूटी

2007 टी-20 विश्व कप फाइनल का आखिरी ओवर फेंकने वाले जोगिंदर शर्मा 2007 से हरियाणा पुलिस में DSP के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया, "हमारी ड्यूटी सुबह छह बजे शुरु होती है। हम पैट्रोलिंग करते हैं, लोगों को जानकारी देते हैं, जरूरतमंदो की मदद करते हैं और फालतू में घूम रहे लोगों को घर के अंदर भेजते हैं।" जोगिंदर ने यह भी बताया कि उनके ड्यूटी पर होने के कारण उनके परिवार के लोग काफी चिंतित हैं।

अखिल कुमार

वर्दी में तैनात है पूर्व बॉक्सर

पिछले साल सितंबर से गुरुग्राम पुलिस में ACP के पद पर तैनात एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले पूर्व भारतीय बॉक्सर अखिल कुमार भी ड्यूटी पर तैनात हैं। कुमार ने बताया, "ज़्यादातर मामलों में लोग सहयोग करते हैं। जरूरी चीजों की उपलब्धता है तो ज़्यादा अफरातफरी का माहौल नहीं है। मेरा मानना है कि लॉकडाउन का पालन कड़ाई से कराने के बाद ही इस वायरस को रोका जा सकता है।"

अजय ठाकुर

कबड्डी के मैट से अब जनता के बीच पहुंच चुके हैं ठाकुर

भारतीय टीम के कबड्डी खिलाड़ी और अजय ठाकुर 2017 से हिमांचल प्रदेश पुलिस में DSP के पद पर तैनात हैं। ठाकुर को पिछले साल अर्जुन अवार्ड और पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। फिलहाल ठाकुर बिलासपुर में गश्त कर रहे हैं और लोगों के बीच जागरुकता फैला रहे हैं। वह अपने दो लाख फोलोवर्स वाले इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी लगातार वीडियो पोस्ट करके लोगों को जागरुक करने का काम कर रहे हैं।

कोरोना के मामले

भारत में क्या है कोरोना का असर?

भारत में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और देश में संक्रमित लोगों की संख्या लगभग 900 हो चुकी है। फिलहाल देश में 78 लोगों का इस वायरस से संक्रमित होने के बाद इलाज किया जा चुका है। महाराष्ट्र और केरल इस वायरस से सबसे ज़्यादा प्रभावित हैं। दोनों ही राज्यों में संक्रमित लोगों की संख्या 150 से ज़्यादा हो चुकी है। इस वायरस से अब तक 19 लोग मर चुके हैं।