Page Loader
शतरंज ओलंपियाड 2024: स्वर्ण पदक पर होंगी भारत की नजरें, जानिए टीम से जुड़ी सभी जानकारी
बुडापेस्ट में खेला जाएगा शतरंज ओलंपियाड 2024 (तस्वीर: एक्स/@rpraggnachess)

शतरंज ओलंपियाड 2024: स्वर्ण पदक पर होंगी भारत की नजरें, जानिए टीम से जुड़ी सभी जानकारी

Sep 11, 2024
03:01 pm

क्या है खबर?

हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में 11 सितंबर से 45वें शतरंज ओलंपियाड की शुरुआत होगी। भारत इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में ओपन और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण जीतने का लक्ष्य रखेगा। बता दें कि विश्वनाथन आनंद भारतीय ओपन टीम का हिस्सा नहीं होंगे। कोनेरू हम्पी भी महिला टीम में शामिल नहीं है। हालांकि, इनकी गैरमौजूदगी में भी भारतीय टीम प्रबल दावेदार है। आइए इस ओलंपियाड से जुड़ी सभी अहम जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

रैंकिंग 

महिला वर्ग में भारत है शीर्ष टीम 

कुल मिलाकर 196 टीमें ओपन वर्ग में और 184 टीमें महिला वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगी। इसलिए टूर्नामेंट स्विस सिस्टम में खेला जाएगा, जिसमें 11 राउंड होंगे। ओपन वर्ग में अमेरिका शीर्ष वरीयता प्राप्त टीम है, जिसके बाद भारत, चीन और उज्बेकिस्तान का स्थान है। महिला वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त टीम भारत है। औसत रेटिंग के अनुसार, महिला वर्ग में शीर्ष टीमें भारत (2467), जॉर्जिया (2462), पोलैंड (2422), चीन (2416) और यूक्रेन (2400) हैं।

टीम 

ऐसी है भारत की ओपन टीम 

शतरंज के दिग्गज और देश के पहले ग्रैंडमास्टर आनंद ओपन टीम का हिस्सा नहीं होंगे। भारत की ओपन टीम में अर्जुन एरिगैसी (2778 की रेटिंग के साथ दुनिया में चौथे स्थान पर), डी गुकेश (7वीं रैंकिंग और 2764 की रेटिंग), आर प्रगनानंदा (12वीं विश्व रैंकिंग और 2750 की रेटिंग), विदित गुजराती (24वीं रैंकिंग और 2720 की रेटिंग) और पी हरिकृष्णा (41वीं रैंकिंग और 2686 की रेटिंग) शामिल हैं।

महिला टीम 

ऐसी है भारत की महिला टीम 

भारत की शीर्ष महिला खिलाड़ी कोनेरू हंपी के बाहर बैठने के कारण भारतीय महिला टीम में रमेशबाबू वैशाली, हरिका द्रोणावल्ली, वंतिका अग्रवाल, तानिया सचदेव और दिव्या देशमुख शामिल हैं। ग्रैंड मास्टर अभिजीत कुंटे टीम की कोच हैं। बता दें कि प्रत्येक मैच में शुरू की 40 चालों के लिए 90 मिनट का समय निर्धारित है। इसके बाद शेष खेल के लिए 30 मिनट का समय रखा गया है।

प्रदर्शन 

शतरंज ओलंपियाड में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन क्या है?

भारत ने ओपन वर्ग में 2 बार कांस्य पदक जीते हैं। पहला पदक 2014 में नॉर्वे में और दूसरा कांस्य पदक 2022 में जीता, जब उसने प्रतियोगिता की मेजबानी की थी। इसके अलावा, भारत ने 2020 में शतरंज ऑनलाइन ओलंपियाड में (रूस के साथ) साझा स्वर्ण और 2021 में इसी प्रारूप में कांस्य पदक जीता है। 2022 में, भारत ने गैप्रिंडाशविली ट्रॉफी भी जीती, जो ओपन और महिला दोनों को मिलाकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीम को दी जाती है।