
अंतरिक्ष में एस्ट्रोयड समेत कौन-कौन से बेल्ट हैं मौजूद?
क्या है खबर?
हमारा अंतरिक्ष सिर्फ ग्रहों और चंद्रमाओं तक सीमित नहीं है। इसके बीच-बीच में कई खास बेल्ट मौजूद हैं, जिनमें धूल, चट्टानें, बर्फ और बौने ग्रह जैसे खगोलीय पिंड पाए जाते हैं। ये बेल्ट सूरज की परिक्रमा करते हैं और वैज्ञानिकों को ब्रह्मांड की बनावट समझने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं अंतरिक्ष में एस्ट्रोयड बेल्ट के अलावा और कौन-कौन से बेल्ट मौजूद हैं और इन बेल्टों में क्या-क्या होता है।
एस्ट्रोयड
एस्ट्रोयड बेल्ट: चट्टानों की एक बड़ी पट्टी
एस्ट्रोयड बेल्ट मंगल और बृहस्पति ग्रह के बीच स्थित है। यह मुख्य रूप से लाखों चट्टानों और छोटे ग्रहों से बना होता है। इसमें सेरेस और वेस्टा जैसे बड़े पिंड भी शामिल हैं। ये ग्रह बनने से पहले बचे हुए पत्थरों के टुकड़े माने जाते हैं। कुछ एस्ट्रोयड समय-समय पर पृथ्वी के पास भी आ जाते हैं, इसलिए वैज्ञानिक इन पर लगातार नजर रखते हैं और इनका अध्ययन करते रहते हैं।
कूपर
कूपर बेल्ट: बर्फीले पिंडों का इलाका
कूपर बेल्ट नेपच्यून ग्रह के बाहर मौजूद है और यह बर्फ से बने लाखों पिंडों से भरा है। इसमें प्लूटो, माके-माके और हाउमिया जैसे बौने ग्रह शामिल हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि कई धूमकेतु भी यहीं से आते हैं। यह बेल्ट सूरज से बहुत दूर और बहुत ठंडा इलाका है, जहां प्रकाश भी बहुत कम पहुंचता है। इसे सौरमंडल की बाहरी सीमा के पास स्थित क्षेत्र माना जाता है।
अन्य
ओर्ट क्लाउड और ट्रोजन बेल्ट भी अहम
ओर्ट क्लाउड सौरमंडल की सबसे बाहरी परत मानी जाती है। इसमें खरबों बर्फीले पिंड मौजूद हो सकते हैं, जो अब तक सीधे देखे नहीं गए हैं। वहीं, ट्रोजन बेल्ट बृहस्पति जैसे बड़े ग्रहों के गुरुत्व से बंधे चट्टानी पिंडों का समूह होता है। ये पिंड ग्रह के आगे और पीछे चलते हैं और सूरज की परिक्रमा करते रहते हैं। ये बेल्ट भी वैज्ञानिक शोध के लिए काफी अहम माने जाते हैं।