Page Loader
व्हाट्सऐप में मिलेगी पेमेंट करने की सुविधा, जानें कैसे सेटअप करें अकाउंट

व्हाट्सऐप में मिलेगी पेमेंट करने की सुविधा, जानें कैसे सेटअप करें अकाउंट

Nov 06, 2020
01:40 pm

क्या है खबर?

इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप को भारत में पेमेंट सर्विस शुरू करने की अनुमति मिल गई है। लंबे इंतजार के बाद नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने व्हाट्सऐप पे को हरी झंडी दिखा दी है। अब व्हाट्सऐप यूजर के लिए पेमेंट करना आसान हो जाएगा। उन्हें इसके लिए किसी अन्य ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे व्हाट्सऐप से ही पेमेंट कर पाएंगे। कंपनी भारत में एक साल से अधिक समय से इसकी टेस्टिंग कर रही थी।

लॉन्च

व्हाट्सऐप पेमेंट सर्विस कब होगी लॉन्च?

कंपनी के अनुसार पेमेंट सुविधा इस साल के अंत तक यूजर्स के लिए उपलब्ध होगी। हालांकि, शुरुआत में यह भारत के केवल दो करोड़ व्हाट्सऐप यूजर्स के लिए होगी। भारत में इस इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप के 40 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं। भारत में इसकी टेस्टिंग के दौरान कई यूजर्स को पेमेंट सर्विस का लाभ उठाने का मौका मिला था। इसके लिए NCPI की तरफ से प्रेस रिलीज जारी कर जानकारी दी गई है।

बयान

इस सुविधा के लिए नहीं देनी होगी फीस- मार्क जुकरबर्ग

फेसबुक के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) मार्क जुकरबर्ग का कहना है कि व्हाट्सऐप पेमेंट सर्विस का लाभ उठाने के लिए यूजर को फीस का भुगतान नहीं करना होगा। यह सुविधा पूरी तरह से फ्री होगी। गौरतलब है कि फेसबुक व्हाट्सऐप की मालिकाना कंपनी है। साथ ही उन्होंने यह जानकारी भी दी कि इस सर्विस में 140 से अधिक बैंक जुड़ेंगे। यह सुविधा 10 भारतीय क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगी। अब यूजर्स मैसेज की तरह आसानी से पेमेंट भी कर पाएंगे।

अकाउंट सेटअप

कैसे कर सकेंगे इसका उपयोग?

यह सुविधा मिलने के बाद यूजर्स आसानी से इसका उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें सबसे पहले व्हाट्सऐप पर जाकर राइट साइड में बने तीन बिंदुओं को सिलेक्ट करना होगा। यहां दिए जा गए कई ऑप्शन्स में एक ऑप्शन पेमेंट का होगा। उस पर जाकर 'ऐड पेमेंट मेथड' पर टैप करना होगा। अब सभी बैंक्स की एक लिस्ट दिखेगी। बैंक सिलेक्ट करने बाद यूजर का मोबाइल नंबर वेरीफाई होगा। इसके लिए 'वेरीफाई बाय मैसेज' पर जाएं।

जानकारी

सेट करना होगा UPI पिन

ध्यान रखें कि व्हाट्सऐप नंबर वही होना चाहिए, जो बैंक अकाउंट से लिंक हो। मोबाइल नंबर वेरीफाई होने के बाद अन्य पेमेंट ऐप्स की तरह इस पर भी एक यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) पिन सेट करना होगा। इसके बिना कोई भी ट्रांजेक्शन नहीं हो पाएगा।

जानकारी

कैसे भेज पाएंगे पैसे?

अकाउंट सेट करने के बाद पैसे भेजने के लिए यूजर को उस कॉन्टेक्ट की चैट ओपन करनी होगी, जिसे पेमेंट करना है। उसके बाद अटैचमेंट ऑप्शन को सिलेक्ट करना होगा। यहां कॉन्टेक्ट्स, फोटोज और वीडियोज के साथ-साथ पेमेंट का ऑप्शन भी दिखाई देगा। उस पर टैप कर यूजर को जितने पैसे भेजने हैं, वह ऐड करने होंगे। वे एक मैसेज भी लिख पाएंगे। फिर UPI पिन डालकर यूजर पेमेंट कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें एक कन्फर्मेशन मैसेज भी मिलेगा।