Page Loader
व्हाट्सऐप पर कुछ ऐसे स्कैम मैसेज, जिन्हें आपको कभी भी क्लिक नहीं करना चाहिए
व्हाट्सऐप पर स्कैम मैसेज से सावधान रहना चाहिए

व्हाट्सऐप पर कुछ ऐसे स्कैम मैसेज, जिन्हें आपको कभी भी क्लिक नहीं करना चाहिए

Jul 02, 2025
07:15 pm

क्या है खबर?

देश में डिजिटलीकरण बढ़ने के साथ-साथ साइबर अपराधों में भी तेजी आई है। व्हाट्सऐप जैसे लोकप्रिय ऐप के जरिए अब धोखेबाज लोग आम जनता को निशाना बना रहे हैं। नकली कॉल और फर्जी मैसेजेस के जरिए वे लोगों को झांसे में लेकर ठगी कर रहे हैं। ऐसे मैसेज न केवल निजी जानकारी चुराते हैं, बल्कि लोगों को आर्थिक नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। इस कारण सावधानी और सतर्कता बेहद जरूरी है।

#1

फर्जी पुरस्कार जीतने वाले मैसेज भेजते हैं स्कैमर्स 

व्हाट्सऐप पर 'आपने पुरस्कार जीता है!' जैसे मैसेज आम हो गए हैं। इन मैसेजेस में यूजर्स को लकी ड्रा जीतने की बात कहकर लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा जाता है। ये लिंक फर्जी होते हैं और यूजर की निजी जानकारी चुराकर अकाउंट खाली कर सकते हैं। इनसे बचने के लिए ऐसे किसी भी अनजान लिंक पर कभी क्लिक न करें और न ही अपनी कोई जानकारी साझा करें।

#2

जॉब और बैंक अलर्ट के नाम पर ठगी 

कुछ धोखेबाज फर्जी नौकरी के ऑफर भेजकर लोगों को फंसाते हैं। वे लिंक पर क्लिक कर फॉर्म भरने को कहते हैं, जिससे निजी जानकारी निकलवा लेते हैं और फिर उसका गलत इस्तेमाल करते हैं। इसी तरह कुछ मैसेज बैंक अलर्ट के नाम पर आते हैं, जिसमें KYC अपडेट के बहाने लिंक दिया जाता है, ताकि लोग जाल में फंस जाएं। इनका मकसद सिर्फ आपके बैंक अकाउंट से पैसे निकालना होता है, इसलिए सतर्क रहना और जागरूक रहना जरूरी है।

#3

फर्जी डिलीवरी मैसेज से भी होता है नुकसान 

व्हाट्सऐप पर एक और तरीका तेजी से फैल रहा है, जिसमें फर्जी डिलीवरी फेलियर के मैसेज भेजे जाते हैं। इन मैसेज में लिखा होता है कि आपकी कोई डिलीवरी नहीं हो सकी और ट्रैक करने के लिए लिंक दिया जाता है। जब यूजर उस लिंक पर क्लिक करता है, तब उसके फोन या बैंक डिटेल्स हैक हो सकते हैं। ऐसे किसी भी अंजान मैसेज या लिंक पर कभी भरोसा न करें।