गूगल यूजर्स को सेवाओं को चुनने की देगी सुविधा, इसी महीने लागू होंगे नए नियम
क्या है खबर?
गूगल और ऐपल जैसी बड़ी टेक कंपनियों पर इस साल से यूरोपीय संघ (EU) के डिजिटल मार्केट एक्ट (DMA) के नियमों को लागू किया जाएगा।
टेक दिग्गज गूगल ने बताया है कि वह DMA का कैसे पालन करेगी और इसका यूजर्स पर क्या प्रभाव पड़ सकता है।
कंपनी ने यह भी बताया है कि इस नियम के लागू होने से यूजर्स गूगल प्ले स्टोर और यूट्यूब जैसी अन्य सेवाओं का किस तरह उपयोग कर सकेंगे।
समय
6 मार्च से लागू होगा DMA
EU के DMA को 6 मार्च से लागू किया जाएगा।
नए नियम लागू होने के बाद यूजर्स अपने उपयोग के अनुसार अकाउंट से गूगल प्ले, गूगल मैप, सर्च, यूट्यूब, क्रोम, शॉपिंग और विज्ञापन जैसी अन्य गूगल सेवाओं को अनलिंक कर सकेंगे।
इस नियम के तहत यूजर्स के पास यह चुनने का विकल्प होगा कि वह कौन-सी सेवाओं को अपने गूगल अकाउंट से लिंक रखाना चाहते हैं और किसे हटाना चाहते हैं।
चेतावनी
गूगल ने यूजर्स की दी यह चेतावनी
गूगल ने यूजर्स को चेतावनी दी है कि अनलिंक करने के बाद गूगल सेवाओं में डाटा साझा करने वाली सुविधाएं सीमित या अनुपलब्ध हो सकती हैं।
इसे ऐसे समझ सकते हैं कि अगर गूगल सर्च और मैप को अनलिंक कर दिया गया है तो सर्च पर किया गया डाटा गूगल मैप्स में नहीं दिखेगा।
यह परिवर्तन EU के ग्राहकों को प्रभावित करता है, लेकिन संभावना है कि गूगल EU के बाहर के ग्राहकों को भी ऐसी सुविधा दे सकती है।