Page Loader
भारत की सीमाओं पर निगरानी बढ़ाएगा EOS-09 उपग्रह, जानिए इसकी खासियत 
ISRO भारतीय सीमाओं की निगरानी बढ़ाने के लिए 18 मई को नया उपग्रह लॉन्च करेगी (तस्वीर: एक्स/@BharatHype)

भारत की सीमाओं पर निगरानी बढ़ाएगा EOS-09 उपग्रह, जानिए इसकी खासियत 

May 11, 2025
01:49 pm

क्या है खबर?

भारत हाल ही में पाकिस्तान के साथ बने तनावपूर्ण हालातों को देखते हुए सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने के लिए नया उपग्रह लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (ISRO) PSLV-C61 मिशन के तहत EOS-09 (RISAT-1B) रडार इमेजिंग उपग्रह को अंतरिक्ष में भेजेगा। यह दुश्मन की हरकतों पर नजर रखने के साथ घुसपैठ का पता लगाने और आतंकवाद विरोधी अभियानों काे सहयोग कर सकता है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों को निरंतर और विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिल सकेंगी।

खासियत 

खराब मौसम में भी करेगा निगरानी 

EOS-09 (RISAT-1B) अत्याधुनिक C-बैंड सिंथेटिक अपर्चर रडार से लैस है, जो भारत की पृथ्वी अवलोकन क्षमताओं में उल्लेखनीय सुधार करेगा। खराब मौसम या अंधेरे में संघर्ष करने वाले ऑप्टिकल उपग्रहों के विपरीत RISAT-1B बारिश और रात के साथ किसी भी स्थिति में पृथ्वी की सतह की उच्च-रिजॉल्यूशन वाली तस्वीरें ले सकता है। यह इसे भारत की संवेदनशील सीमाओं विशेष रूप से पाकिस्तान और चीन के साथ-साथ इसके विशाल तटरेखाओं की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण उपकरण बनाता है।

उपयोग 

उपग्रह इन कार्यों में भी होगा उपयोगी 

उपग्रह में 5 अलग-अलग इमेजिंग मोड हैं, जो इसे अल्ट्रा-हाई-रिजॉल्यूशन इमेजिंग लेने में भी सक्षम बनाते हैं। इससे यह छोटी वस्तुओं का पता लगाने के साथ-साथ बड़े क्षेत्र के अवलोकन के लिए व्यापक स्कैन कर सकता है। यह लचीलापन इसे सैन्य और नागरिक दोनों जरूरतों को पूरा करने में सक्षम बनाता है। उपग्रह कृषि, वानिकी, भूविज्ञान समेत मृदा नमी, तटीय और ​​बाढ़ निगरानी आदि कार्यों में उपयोगी साबित होगा। इस उपग्रह को 18 मई सुबह 6.59 बजे लॉन्च किया जाएगा।