सुनील शेट्टी मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए करते हैं प्रार्थना और लगाते हैं ध्यान
क्या है खबर?
बॉलीवुड को 'हेरा फेरी' और 'धड़कन' जैसी यादगार फिल्में देने वाले सुनील शेट्टी आज भी लोकप्रिय हैं। उनके 3 दशक से अधिक के करियर में उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया है। शेट्टी का बेबाक अंदाज, फिट शरीर और शानदार अभिनय कई लोगों को प्रेरित करता है। वह अपने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देते हैं और ध्यान लगाना पसंद करते हैं। इसके अलावा, वह पूजा-पाठ के जरिए भी मन को शांत रखते हैं।
पोस्ट
लिंक्डइन पर की थी पोस्ट
शेट्टी अक्सर सोशल मीडिया पर अपने विचारों को खुलकर व्यक्त करते रहते हैं। इसी बीच उन्होंने लिंक्डइन पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें उन्होंने लिखा, "मैं कभी नहीं जान पाया कि प्रार्थना करने की क्रिया को ध्यान लगाने की क्रिया से कैसे अलग किया जाए।" उनके मुताबिक, यह दोनों ही क्रियाएं एक समान होती हैं। उन्होंने आगे लिखा, "अधिकांश सुबह मैं कुछ समय प्रार्थना और कुछ समय ध्यान में बिताता हूं।"
शेट्टी
दोनों क्रियाओं का संयोजन उन्हें रखता है खुशहाल
शेट्टी बताते हैं कि प्रार्थना उन्हें कृतज्ञ रहने में मदद करती हैं, जिससे वह ज्यादा दयालु और स्थिर रहते हैं। वहीं, ध्यान उन्हें केंद्रित रहने में सहायता करता है। उन्होंने लिखा, "ध्यान मुझे अपने विचारों, अपनी ऊर्जा और अपनी सांसों का अवलोकन करने की अनुमति देता है।" एक क्रिया उन्हें आस-पास की जिंदगी से जोड़े रखती है, तो दूसरी उन्हें खुद से जोड़े रखती है। शेट्टी जिस दिन दोनों में से एक क्रिया नहीं करते तो वह बेचैन रहते हैं।
प्रार्थना
किसके लिए प्रार्थना करते हैं शेट्टी?
शेट्टी ने अपनी पोस्ट में यह भी साफ किया कि वह रोजाना किसके लिए प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा, "पिछले कुछ सालों में मैंने अपने लिए प्रार्थना करना बंद कर दिया है।" वह स्पष्टता, ताकत, धैर्य और बुद्धि पाने व जरूरत पड़ने पर सही कर्म करने के लिए प्रार्थना करते हैं। साथ ही उन्होंने मन के शोर को शांत करने के लिए ध्यान लगाना शुरू किया, ताकि वह सही प्रतिक्रिया दे सकें।
महत्व
मानसिक स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना का महत्व
मानसिक स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना बहुत महत्वपूर्ण होती है। यह तनाव और चिंता को कम कर सकती है और आशा और सकारात्मकता को बढ़ावा दे सकती है। साथ ही इससे आध्यात्मिक जुड़ाव की भावना हासिल करने में भी मदद मिल सकती है। कुछ अध्ययन के मुताबिक, प्रार्थना जीवन में सकारात्मक भावनाओं और खुशहाली को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है। इससे आप अच्छाई के मार्ग पर चलना भी सीख सकते हैं।
ध्यान
ध्यान लगाने के फायदे
ध्यान लगाना मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने का सबसे अच्छा तरीका हो सकता है। इसकी मदद से तनाव कम होता है, मन शांत होता है और नींद भी बेहतर आती है। ध्यान लगाने से याददाश्त और एकाग्रता में सुधार हो जाता है और आप अपनी भावनाओं पर काबू पाना भी सीख सकते हैं। ध्यान आपके हृदय, दिमाग और श्वसन तंत्र के कार्य को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है और रक्तचाप को नियंत्रित करने में भी सहायक होता है।