
कमिंस बने WTC में 1,000 रन और 100 विकेट का डबल पूरा करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कप्तान पैट कमिंस ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में इतिहास रच दिया है। वह 1,000 रन और 100 विकेट का डबल पूरा करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई और दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। यह कारनामा उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टेस्ट के पहले दिन जमैका के सबीना पार्क में किया। खास बात ये है कि कमिंस WTC इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। उनका प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है।
इतिहास
कमिंस ने खेली अहम पारी
कमिंस को WTC में 1,000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 9 रन चाहिए थे, जो उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट की पहली पारी में पूरे कर लिए। उन्होंने 17 गेंदों में 24 रन बनाए और इस दौरान 3 शानदार छक्के लगाए। उनकी यह ताबड़तोड़ पारी ऑस्ट्रेलिया के लिए बेहद अहम रही, क्योंकि उनकी बदौलत टीम 225 रन तक पहुंच पाई। कमिंस की यह उपलब्धि WTC के इतिहास में खास बन गई है।
आंकड़े
WTC में ऐसे हैं कमिंस के आंकड़े
कमिंस ने अपने 51वें WTC मैच में 1,015 रन पूरे किए हैं। उनकी औसत 15.61 की है और इसमें 1 अर्धशतक शामिल है। गेंदबाजी में उन्होंने 213 विकेट चटकाए हैं, उनकी औसत 22.24 की है। उन्होंने 10 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। इस खिलाड़ी ने 1 बार दोनों पारियों को मिलाकर 10 विकेट चटकाए हैं। WTC में विकेट के मामले में वह सिर्फ नाथन लियोन (219) से पीछे हैं। कप्तान के रूप में भी उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा है।
सूची
कमिंस इस खास सूची में हुए शामिल
कमिंस अब WTC में 1,000 रन और 100 विकेट का डबल पूरा करने वाले खास सूची में शामिल हो गए हैं। इस सूची में उनसे पहले सिर्फ 2 भारतीय खिलाड़ी थे। रविचंद्रन अश्विन (1,142 रन और 195 विकेट, 41 मैच) और रविंद्र जडेजा (2,151 रन और 134 विकेट, 42 मैच) ने ये कारनामा किया था। WTC में अब तक 65 बल्लेबाज 1,000 से ज्यादा रन बना चुके हैं, जबकि 16 गेंदबाजों ने 100 या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं।
खिलाड़ी
ये खिलाड़ी भी इस सूची में हो सकते हैं शामिल
कमिंस के बाद अब मिचेल स्टार्क भी WTC में 1,000 रन और 100 विकेट का डबल पूरा करने के करीब हैं। उन्होंने अब तक 49 मैचों में 185 विकेट चटकाए हैं और 934 रन बनाए हैं। उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 66 रन की जरूरत है। वहीं, इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स भी इस सूची में शामिल हो सकते हैं। अगर, वह भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट की तीसरी पारी में कम से कम 5 रन बना लें।