Page Loader
फूड पॉइजनिंग के शिकार हो जाएं तो इन सरल घरेलू उपायों से पाएं निजात

फूड पॉइजनिंग के शिकार हो जाएं तो इन सरल घरेलू उपायों से पाएं निजात

लेखन अंजली
Apr 11, 2020
09:45 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस के चलते पूरे भारत में लॉकडाउन चालू है और सभी लोग अपने घरों में बंद है। घर के अंदर रहते हुए कुछ लोग बोर हो रहे हैं तो कुछ लोग अलग-अलग पकवान बनाकर खा रहे हैं। स्वाद के चक्कर में लोग सेहत की अनदेखी कर देते हैं, जिसके चलते उन्हें बार-बार फूड पॉइजनिंग को झेलना पड़ता है। इसलिए आज हम आपको कुछ ऐसे घरेलू उपायों के बारे में बताएंगे, जिनके सेवन से फूड पॉइजनिंग से बच सकते हैं।

#1

तुलसी की पत्तियां

सामग्री: थोड़ी सी तुलसी की पत्तियां और एक चम्मच शहद। सेवन करने का तरीका: तुलसी की पत्तियों को पीसकर उसका रस निकाल लें। फिर रस को शहद के साथ मिलाकर पी लें। इसके अलावा, आप एक कप पानी में तुलसी के तेल की एक बूंद भी डाल सकते हैं और इसका सेवन कर सकते हैं। समस्या ठीक होने तक दिन में तीन-चार बार इसे पिएं। फायदा: तुलसी में एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं, जो फूड पॉइजनिंग से निजात दिलाते हैं।

#2

आंवले का जूस

सामग्री: आंवले का जूस और एक गिलास पानी। सेवन करने का तरीका: थोड़े-से आंवले के रस को पानी में मिलाकर पी लें। फायदा: इस समस्या के होने पर आंवला का रस इसलिए फायदेमंद है, क्योंकि फूड पॉइजनिंग के दौरान होने वाले लक्षण जैसे जी मचलाना और उल्टी आना आदि की समस्या से राहत दिलाता है। इतना ही नहीं इसमें प्रचुर मात्रा में सम्मिलित विटामिन-सी जैसे गुण पेट की समस्याओं को भी दूर करने का काम करते हैं।

#3

पानी

सामग्री: पीने के लिए पानी। सेवन करने का तरीका: फूड पॉइजनिंग की समस्या होने पर भरपूर मात्रा में पानी पिएं। यह आपको हाइड्रेट रखेगा और आप में ऊर्जा भी लाएगा। फायदा: फूड पॉइजनिंग के लक्षणों के कारण शरीर में पानी की कमी होने लगती है। ऐसे में समस्या और बढ़ जाती है। इसलिए जरूरी है कि आप तरल पदार्थ का ज्यादा से ज्यादा सेवन करें। साथ ही नारियल पानी या जूस की भी सेवन करें।

अन्य उपाय

फूड पॉइजनिंग के दौरान इन बातों का भी रखें ध्यान

इस समस्या के दौरान और इसके बाद आपका शरीर कमजोर हो जाता है। इसलिए जरूरी है कि इस स्थिति में कुछ चीजों से दूरी बना ली जाए, जो कि इस प्रकार है: 1) मसालेदार और तली हुई चीजों का सेवन न करें। 2) अधिक फाइबर युक्त चीजें न खाएं। 3) डेयरी उत्पाद का सेवन न करें। 4) शराब और कैफीन युक्त पदार्थों से दूरी बना लें। 5) ऐसी चीजों से दूर रहें, जिनमें वसा की मात्रा अधिक होती है।