Page Loader
नींबू पानी बनाम गन्ने का जूस: गर्मियों में सबसे ज्यादा कौन-से पेय का सेवन करना चाहिए? 
नींबू पानी बनाम गन्ने का जूस

नींबू पानी बनाम गन्ने का जूस: गर्मियों में सबसे ज्यादा कौन-से पेय का सेवन करना चाहिए? 

लेखन अंजली
May 08, 2025
09:32 pm

क्या है खबर?

गर्मियों में शरीर का पानी का स्तर बनाए रखना बहुत जरूरी है। इसके लिए गन्ने के जूस और नींबू पानी का सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है क्योंकि इन पेय में भरपूर पौष्टिक तत्व होते हैं। हालांकि, दोनों पेय के सेवन से मिलने वाले फायदे अलग होते हैं। आइए जानते हैं कि गन्ने के जूस और नींबू पानी में क्या-क्या पौष्टिक तत्व मौजूद होते हैं और गर्मियों में इनमें से किसका सेवन करना बेहतर है।

गन्ने का जूस

गन्ने का जूस पीने से मिलने वाले लाभ

गन्ने का जूस प्राकृतिक मिठास का एक बेहतरीन स्रोत है, जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करने में मदद कर सकता है। इसके अतिरिक्त इसमें लोहा, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटेशियम, जिंक और फास्फोरस जैसे कई खनिज भी होते हैं। गन्ने के जूस में ऐसे गुण भी होते हैं, जो तनाव से लड़ने में मदद कर सकते हैं। साथ ही यह पाचन की समस्याओं से राहत दिलाने में भी सहायक है। गन्ने का जूस रोजाना पीने से शरीर को ठंडक मिलती है।

नींबू पानी

नींबू पानी के फायदे

नींबू पानी विटामिन-C का अच्छा स्त्रोत है, जो शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता को बढ़ाने में मदद कर सकता है। नींबू पानी में पोटेशियम भी होता है, जो दिमाग और शरीर की नसों के लिए बहुत जरूरी है। इसके अलावा नींबू में ऐसा तत्व होता है, जो पाचन को बेहतर करने का काम कर सकता है। नींबू पानी का सेवन करने से शरीर में ताजगी महसूस होती है।

कैलोरी

गन्ने के जूस और नींबू पानी में मौजूद कैलोरी और चीनी की मात्रा

गन्ने का जूस कैलोरी और चीनी का अच्छा स्रोत है। 100 मिलीलीटर गन्ने के जूस में लगभग 68 कैलोरी और 17 ग्राम चीनी होती है। दूसरी ओर, नींबू पानी में कैलोरी और चीनी की मात्रा गन्ने के जूस की तुलना में कम होती है। 100 मिलीलीटर नींबू पानी में लगभग 29 कैलोरी और 8 ग्राम चीनी होती है। हालांकि, अगर आप नींबू पानी में शहद मिलाते हैं तो इसमें कैलोरी और चीनी की मात्रा बढ़ जाती है।

चयन

गन्ने के जूस और नींबू पानी में से क्या है स्वास्थ्य के लिए बेहतर?

गर्मी के दौरान हाइड्रेट रहने और शरीर को ठंडक देने के लिए गन्ने के जूस और नींबू पानी दोनों ही पेय का सेवन किया जा सकता है। हालांकि, मधुमेह के रोगियों को गन्ने का जूस पीने से बचना चाहिए क्योंकि यह ब्लड शुगर के स्तर को बढ़ा सकता है। इसके अतिरिक्त वजन कम करने वालों के लिए भी गन्ने के जूस का सेवन करना सही नहीं है।