अदरक वाली चाय की जगह बनाकर पीएं दुनियाभर में पी जाने वाली ये 5 स्वादिष्ट चाय
क्या है खबर?
पानी के बाद पूरी दुनिया में चाय को सबसे लोकप्रिय पेय पदार्थ माना जाता है। अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस हर साल 21 मई को मनाया जाता है। यह दिन चाय की सांस्कृतिक विरासत और स्वास्थ्य लाभों का जश्न मनाने का अवसर है।
हालांकि, चाय को दुनियाभर में अलग-अलग तरीकों से बनाकर पिया जाता है। इस खास दिन पर आप अपनी रोजाना की अदरक वाली चाय के बजाए विभिन्न देशों में मिलने वाली 5 चाय का लुफ्त उठाएं।
जापान
माचा चाय
माचा विशेष रूप से उगाई गई हरी चाय की पत्तियों का बारीक पिसा हुआ पाउडर होता है। माचा की उत्पत्ति तो चीन में हुई थी, लेकिन इसका हरा रंग जापान में विकसित हुआ था और इसका ज्यादातर उत्पादन भी यहीं होता है।
माचा की चाय का स्वाद हल्का कड़वा, मीठा और मिट्टी जैसा होता है। हाल के वर्षों में माचा की प्रसिद्धि दुनियाभर में बढ़ गई है और लोग इसे आइस्ड-टी, आइसक्रीम और अन्य डेसर्ट में भी शामिल करते हैं।
मलेशिया
तेह तारिक
तेह तारिक मलेशिया की एक लोकप्रिय दूध वाली चाय है, जिसे आम तौर पर झागदार बनाने के लिए 2 कपों से मिलाया जाता है। 'तेह तारिक' का मतलब है "खींची हुई चाय", इसलिए इसे बनाते समय यह कदम काफी जरूरी होता है।
इस मीठी चाय में चाय की पत्तियां, क्रीमर और गाढ़ा दूध मिलाया जाता है। स्वाद बढ़ाने के लिए आप इसमें अदरक और इलायची भी मिला सकते हैं।
इसे डाइट में जोड़ने से आपका स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा।
थाईलैंड
चा येन
चा येन थाईलैंड में पी जाने वाली मशहूर आइस्ड टी है, जो गर्मी को दूर करने के लिए बढ़िया रहती है। इस चाय को अपना लजीज स्वाद काली चाय, रूइबोस चाय, स्टार ऐनीज, लौंग, दालचीनी, इलायची और कंडेंस्ड दूध से मिलता है।
यह स्वाद में मीठी, मलाईदार और बेहद सुगंधित होती है। आप इसे नारियल के दूध या बादाम के दूध का उपयोग करके भी तैयार कर सकते हैं।
चा येन को ढेर सारी बर्फ के साथ परोसा जाता है।
भारत
मसाला चाय
जब बात चाय की होती है तो सबसे पहले जुबान पर मसाला चाय का ही नाम आता है। भारत के सभी लोग रोजाना सुबह और शाम को इस चाय की चुस्कियां लेते हैं।
मसाला चाय बनाने के लिए हरी इलायची, लौंग, दालचीनी, काली मिर्च, अदरक और सौंफ को पानी में उबाला जाता है। फिर इसमें चाय की पत्तियां और दूध डालकर पकाया जाता है।
अंत में इसमें चीनी डालकर इसे देर तक उबालकर गरमा-गरम पिया जाता है।
श्रीलंका
सीलोन काली चाय
सीलोन श्रीलंका का पुराना नाम है, जिसे चाय के व्यापार में उपयोग किया जाता है। इस काली चाय का स्वाद तीखा और कड़क होता है।
इसमें फूलों की सुगंध के साथ-साथ गाढ़ा रंग भी होता है। आप इसका आनंद आइस्ड टी या गर्म काली चाय के रूप में ले सकते हैं और यह दूध के साथ भी अच्छी लगती है।
लोकप्रिय काली चाय के अलावा, श्रीलंका की सीलोन चाय ऊलोंग, हरी और सफेद चाय की विविधता में भी उपलब्ध है।