
दिल्ली में सुबह से बादल हुए मेहरबान, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
क्या है खबर?
उत्तर भारत में मानसून पूरी तरह से सक्रिय बना हुआ है, जिसके चलते इस हिस्से में बादल जमकर बरस रहे हैं। सोमवार सुबह से दिल्ली NCR में हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी-उमस से राहत दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है। इन राज्यों में पूरे सप्ताह मानसून मेहरबान रहेगा। पहाड़ी राज्यों में भी 7 जुलाई को भारी बारिश के संकेत हैं।
राहत
दिल्ली में बरसे राहत के बादल
दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में सोमवार सुबह 5 बजे से बारिश का दौर शुरू हो गया। IMD ने यहां भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बादल छाए रहेंगे और हल्की गरज और बिजली चमकने के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32-34 डिग्री और 25-27 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। अगले 2 दिनों में राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
ट्विटर पोस्ट
दिल्ली में बारिश से सड़कें हुई जलमग्न
#WATCH | Delhi | Parts of the national capital witness waterlogging after incessant rain in the city.
— ANI (@ANI) July 7, 2025
Visaulas from Mehrauli-Badarpur road. pic.twitter.com/PVu9o8qvWW
मानसून
इन इलाकों से गुजर रहा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून की रेखा वर्तमान में श्रीगंगानगर, रोहतक, दिल्ली, उरई, सीधी, डाल्टनगंज और पुरुलिया से होकर गुजर रही है। इन सभी क्षेत्रों में आने वाले दिनों में लगातार बारिश होने की उम्मीद है। राजस्थान में सोमवार 19 जिलों मे बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगह 30-40 किमी/घंटा की गति से हवा चलने की संभावना है। दूसरी तरफ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 9 जिलों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
कहर
पहाड़ों पर कहर बरपाएगी बारिश
हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर लगातार जारी है। सोमवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में कुछ जगहों पर बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है, जिससे प्रशासन अलर्ट मोड पर है। यहां मानसून के बाद से बारिश जनित हादसों में अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तराखंड में भी मानसून कहर बरपा रहा है। यहां झमाझम बारिश के साथ भूस्खलन होने के आसार हैं।
भारी बारिश
इन राज्यों में होगी भारी बारिश
पश्चिम बंगाल में भी आने वाले दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां गांगेय क्षेत्र में दबाव बन रहा है, जिससे पुरुलिया, झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जैसे उप-हिमालयी जिलों में भी 10 जुलाई तक जोरदार बारिश के आसार हैं। इसके अलावा कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, गुजरात और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 6 दिनों तक मानसून मेहरबान रहेगा।