क्या नोटों पर गांधी के अलावा अन्य महापुरुषों की भी तस्वीरें छपेंगी? जानें RBI की प्रतिक्रिया
क्या है खबर?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सोमवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि मौजूदा मुद्रा और बैंक नोटों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
RBI का यह स्पष्टीकरण उन दावों के बाद आया है जिनमें कहा जा रहा था कि केन्द्रीय बैंक भारतीय नोटों पर महात्मा गांधी के साथ-साथ रविन्द्रनाथ टैगौर और एपीजे अब्दुल कलाम के चित्रों को भी छापेगा।
इन्हीं दावों को खारिज करने के लिए ये बयान जारी किया गया है।
बयान
RBI ने अपने बयान में क्या कहा?
अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर बयान जारी करते हुए RBI ने कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा ऐसी खबरें प्रचारित की जा रही हैं कि RBI भारतीय नोटों पर महात्मा गांधी के चित्रों को अन्य चेहरो के साथ बदलकर भारतीय नोटों में बदलाव करने पर विचार कर रहा है।
इन खबरों को खारिज करते हुए RBI ने कहा कि उसके पास अभी तक ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं आया है।
ट्वीट
नोटों पर अन्य महापुरुषों की तस्वीरें छापने की आई थी खबर
बता दें कि हाल ही में आई कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि वित्त मंत्रालय और RBI 2,000 रुपये से नीचे के नोटों पर रवींद्रनाथ टैगोर और एपीजे अब्दुल कलाम सहित अन्य प्रमुख भारतीयों की तस्वीरें छापने पर विचार कर रहे हैं।
2,000 रुपये के नोटों पर इन चेहरों को छापने पर विचार इसलिए नहीं किया जा रहा क्योंकि ये नोट छपना बंद हो गए हैं।
जानकारी
क्या आपको पता है भारतीय नोटों पर महात्मा गांधी की फोटो कब छापी गई?
1947 तक भारतीय नोटों पर ब्रिटेन के किंग जॉर्ज की तस्वीर छपती थी।
RBI ने पहली बार 1969 में एक रुपये के नोट पर महात्मा गांधी की तस्वीर छापी। इसके बाद अक्टूबर, 1987 में महात्मा गांधी की तस्वीर के साथ 500 रुपये के नोटों को लाया गया।
1996 में महात्मा गांधी सीरीज लॉन्च की गई जिसके बाद सभी नोटों पर केवल महात्मा गांधी की तस्वीर छपना शुरू हो गई।
इससे पहले अशोक स्तंभ जैसे प्रतीकों की तस्वीरें उपयोग होती थीं।
जानकारी
कई देशों के नोटों पर होते हैं महापुरुषों के चित्र
बता दें कि कई देशों में नोटों पर महापुरुषों की तस्वीरें छापी जाती हैं। अमेरिका जॉर्ज वाशिंगटन, बेंजामिन फ्रैंकलिन, थॉमस जेफरसन, एंड्रयू जैक्सन, अलेक्जेंडर हैमिल्टन और अब्राहम लिंकन जैसे अपने देश के संस्थापकों और राष्ट्रपतियों की तस्वीरें विभिन्न नोटों पर छापता है।