Page Loader
कर्ज में डूबे मध्य प्रदेश में 2,000 करोड़ रुपये की प्रतिमा बनवाएगी राज्य सरकार
कर्ज में डूबे मध्य प्रदेश में 2,000 करोड़ रुपये की प्रतिमा बनवाएगी राज्य सरकार

कर्ज में डूबे मध्य प्रदेश में 2,000 करोड़ रुपये की प्रतिमा बनवाएगी राज्य सरकार

Jan 11, 2022
10:11 am

क्या है खबर?

2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज में डूबे मध्य प्रदेश में राज्य सरकार लगभग 2,000 करोड़ रुपये की प्रतिमा बनवाने जा रही है। ये प्रतिमा हिंदू धर्म के बड़े संत आदि शंकरा (शंकराचार्य) की होगी और इसकी लंबाई लगभग 108 फुट होगी। इसके अलावा इसके साथ एक अंतरराष्ट्रीय म्यूजियम भी बनाया जाएगा जो इसके बारे में दुनिया को बताएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस प्रतिमा के निर्माण की मंजूरी दे दी है।

बैठक

शिवराज ने की आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास के साथ बैठक

शिवराज सिंह ने इस प्रतिमा के संबंध में पिछले हफ्ते आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास के साथ बैठक की। बैठक में प्रबुद्ध संत और स्वामी अवधेशानंद गिरी जी महाराज जैसे न्यास के सदस्य भी शामिल हुए। इसमें शिवराज ने कहा कि 108 फुट की ये प्रतिमा और अंतरराष्ट्रीय वेदांता संस्थान दुनिया को राज्य से जोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्यास के सदस्यों के सुझावों को लागू करेगी और परियोजना को जल्द पूर्ण किया जाएगा।

परियोजना

ओंकारेश्वर में बनाई जाएगी आचार्य शंकराचार्य की प्रतिमा

चार धाम का निर्माण कराने वाले आठवीं सदी के संत आचार्य शंकराचार्य की 108 फुट लंबी ये प्रतिमा ओंकारेश्वर में बनाई जाएगी। इसे 54 फुट ऊंचे प्लेटफॉर्म पर बनाया जाएगा। सरकार के अनुसार, प्रतिमा और म्यूजियम मांधाता पर्वत के 7.5 एकड़ के इलाके में बनाए जाएंगे। नर्मदा नदी के दूसरी तरफ स्थित पांच एकड़ इलाके में एक गुरुकूल भी विकसित किया जाएगा। इसके अलावा 10 एकड़ इलाके में आचार्य शंकर अंतरराष्ट्रीय अद्वैता वेदांता संस्थान भी बनाया जाएगा।

सवाल

कांग्रेस ने उठाए परियोजना पर सवाल, कहा- राज्य पर कर्ज, सरकार ले रही लोन

कांग्रेस नेता और राज्य के नेता विपक्ष कमलनाथ ने सरकार की इस परियोजना पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लेना चाहिए और जब बजट में इसके लिए पैसे आवंटित हो जाएंगे, वे तभी इस पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस ने राज्य सरकार से कर्ज पर श्वेतपत्र की मांग भी की है। कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने कहा, "राज्य पर कर्ज है और शिवराज सरकार किसी न किसी बहाने से हर रोज कर्ज ले रही है।"

कर्ज

मध्य प्रदेश पर कितना कर्ज?

NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश पर अभी कुल 2.56 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। यह कर्ज उसके बजट (2.41 लाख करोड़ रुपये) से भी अधिक है। राज्य पर प्रति व्यक्ति 34,000 करोड़ रुपये कर्ज है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि इतने कर्ज के बावजूद राज्य सरकार ने हाल ही में 48,000 करोड़ रुपये का लोन लिया है। राज्य सरकार पर ओलों के कारण बर्बाद हुई फसल का मुआवजा देने का दबाव भी बढ़ रहा है।