Page Loader
लोकसभा और राज्यसभा टीवी का विलय, संसद टीवी होगा नया चैनल

लोकसभा और राज्यसभा टीवी का विलय, संसद टीवी होगा नया चैनल

Mar 02, 2021
02:53 pm

क्या है खबर?

लोकसभा टीवी और राज्यसभा टीवी का विलय कर एक नया चैनल बनाया गया है। इसे संसद टीवी के नाम से जाना जाएगा। सेवानिवृत्त IAS अधिकारी रवि कपूर को इसका मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। इस पद पर उनका कार्यकाल एक साल या अगले आदेश तक होगा। संसद सत्र जारी होने पर इसी चैनल पर लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाएगा। आइये, पूरी खबर जानते हैं।

शुरुआत

कब शुरू हुए थे लोकसभा और राज्यसभा टीवी?

लोकसभा टीवी की शुरुआत 1989 में हुई थी। उस वक्त इस चैनल पर सिर्फ लोकसभा की कार्यवाही का प्रसारण किया जाता था। बाद के वर्षों में इस पर राष्ट्रपति का अभिभाषण, प्रश्नकाल और शून्यकाल का प्रसारण भी शुरू हुआ। धीरे-धीरे इस पर समाचार और दूसरे कार्यक्रमों का भी प्रसारण किया जाने लगा। इसी तरह राज्यसभा टीवी की शुरुआत 2011 में हुई थी। इस पर राज्यसभा की कार्यवाही के अलावा कई तरह के कार्यक्रम प्रसारित किए जाते हैं।

जानकारी

2019 में एक समिति ने दिया था विलय का प्रस्ताव

लोकसभा और राज्यसभा टीवी के विलय की योजना 2019 में प्रसार भारती के तत्कालीन मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सूर्य प्रकाश की अध्यक्षता वाली एक समिति ने प्रस्तावित की थी। इसका मकसद लागत में कटौती और चैनल के प्रबंधन को सुव्यवस्थित करना था।

विलय

सोमवार को हुई आधिकारिक घोषणा

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, राज्यसभा के सभापति वैंकेया नायडू और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के संयुक्त फैसले के बाद यह विलय हुआ है। प्रशासनिक उद्देश्यों को विलय की वजह बताया जा रहा है। इस विलय के बारे में बीते साल जून में जानकारी सामने आई थी। उसके बाद इस पर विचार के लिए एक पैनल गठित किया गया था। अब सोमवार को राज्यसभा सचिवालय के कार्यालय की तरफ से इस विलय की आधिकारिक घोषणा की गई है।

जानकारी

कैसा होगा कंटेट?

ABP न्यूज ने एक अधिकारी के हवाले से लिखा है, 'लोकसभा टीवी पर लोकसभा की लाइव कार्यवाही दिखायी जाएगी और राज्यसभा टीवी पर उच्च सदन की कार्यवाही लाइव दिखायी जाएगी। संसद के संयुक्त सत्र और संसदीय कामकाज के अलावा दोनों चैनल सामान्य कंटेंट का प्रसारण कर सकते हैं। लोकसभा टीवी पर हिंदी में और राज्यसभा टीवी पर अंग्रेजी में प्रसारण किया जाएगा।" लोकसभा टीवी का संचालन केंद्र सरकार और राज्यसभा टीवी का संचालन राज्यसभा सचिवालय द्वारा किया जाता था।

जानकारी

कौन हैं रवि कपूर?

संसद टीवी के CEO बने रवि कपूर 1986 बैच के असम-मेघालय कैडर के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी हैं। असम के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर सेवा देने के अलावा वो कपड़ा और पेट्रोलियम समेत कई केंद्रीय मंत्रालयों में भी काम कर चुके हैं।