Page Loader
मुंबई में मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात, उड़ानें और ट्रेन सेवा प्रभावित; टूटा रिकॉर्ड
मुंबई में मूसलाधार से जनजीवन प्रभावित हुआ है (तस्वीर: एक्स/@_subiii_)

मुंबई में मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात, उड़ानें और ट्रेन सेवा प्रभावित; टूटा रिकॉर्ड

संपादन Manoj Panchal
May 26, 2025
11:11 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून 17 दिन पहले ही दस्तक दे चुका है। इसके चलते मुंबई में झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। खराब मौसम के कारण विमान सेवा प्रभावित हुई, जबकि सड़कों और रेलवे ट्रैक पर जलभराव से ट्रैफिक जाम और ट्रेनों का शेड्यूल गड़बड़ा गया है। पिछले सप्ताह से शुरू हुआ बारिश का दौर इस सप्ताह भी जारी रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज (26 मई) मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

रिकॉर्ड 

बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड

मुंबई में बारिश ने मई महीने का 107 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कोलाबा वेधशाला ने आज 295mm बारिश दर्ज की गई, जो मई 1918 में दर्ज 279.4mm बारिश के पिछले रिकॉर्ड के बाद सबसे अधिक है। सांताक्रूज स्टेशन ने इस महीने अब तक 197.8mm बारिश दर्ज की गई है। इस स्टेशन पर मई में सबसे अधिक बारिश 387.8mm हुई थी थी, जो साल 2000 में दर्ज की गई थी।

एडवाइजरी 

स्पाइसजेट ने यात्रियों को किया आगाह

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण उड़ानों में देरी हुई है। इसको लेकर विमान कंपनियों ने यात्रियों की परेशानी को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। स्पाइसजेट ने एक्स पर पोस्ट लिखा है, 'मुंबई में खराब मौसम (भारी बारिश) के कारण सभी प्रस्थान/आगमन उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे http://spicejet.com/#status के माध्यम से अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करते रहें।'

लोकल ट्रेन 

बिगड़ी ट्रेनों की रफ्तार 

लगातार बारिश के कारण रेलवे पटरियों पर भारी जलभराव हो गया, जिससे शहर की लाइफ लाइन लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। भारी बारिश के चलते बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने लोगों को जरूरी काम नहीं होने पर बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी है। इसके अलावा, 96 इमारतों को असुरक्षित चिह्नित किया है और इनमें रहने वाले लगभग 3,100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा है।

परेशानी 

नहर टूटने से बाढ़ के हालात 

बारामती और दौंड में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मूसलधार बारिश से बारामती में नीरा डावा नहर टूट गई, जिससे पानी पालखी हाइवे पर आ गया। इससे काटेवाड़ी-भवानीनगर मार्ग बंद करना पड़ा और बारामती के 150 से ज्यादा घरों में पानी घुस गया। इसके अलावा पुणे-सोलापुर हाईवे भी पानी में डूब गया है और पानी के बहाव में एक कार बह गई, लेकिन इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।

ट्विटर पोस्ट

मुंबई में बारिश से सड़कों पर भरा पानी