
झारखंड के लातेहार में 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली ढेर, 10 लाख का इनामी गिरफ्तार
क्या है खबर?
छत्तीसगढ़ के साथ झारखंड में भी नक्सलियों के खिलाफ बड़ा अभियान चल रहा है। लातेहार जिले में सोमवार को एक 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली के मारे जाने की खबर है।
पलामू के पुलिस महानिरीक्षक वाईएस रमेश ने बताया कि महुआडांर थाना क्षेत्र के करमखाड़ और दौना के बीच नक्सलियों से रविवार रात को मुठभेड़ शुरू हुई थी, जो सोमवार सुबह तक चली।
इस दौरान सुरक्षा बलों ने 5 लाख के इनामी माओवादी मनीष यादव को मार गिराया है।
मुठभेड़
10 लाख का इनामी माओवादी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक अन्य नक्सली कुंदन खेरवार को भी गिरफ्तार किया गया है, जिस पर 10 लाख रुपये का इनाम था। पुलिस ने मौके से 2 स्वचालित राइफल बरामद की हैं।
उन्होंने बताया कि यह अभियान एक गुप्त सूचना के बाद शुरू किया, जिसमें नक्सली कमांडर मनीष यादव के अपने साथियों के साथ दौना और करमखाड़ जंगलों के बीच में घूमने की सूचना मिली थी।
इसके बाद टीम गठित कर नक्सलियों को घेरा गया।
अभियान
छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और झारखंड में अभियान जारी
केंद्र सरकार द्वारा मार्च 2026 तक नक्सलवाद के सफाये के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र समेत कई अन्य राज्यों में माओवादियों के खिलाफ अभियान चल रहा है।
इसी क्रम में लातेहार पुलिस ने 2 दिन पहले ही झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) के प्रमुख पप्पू लोहरा और सब-जोनल कमांडर प्रभात गंझू को मुठभेड़ में मार गिराया था।
छत्तीसगढ़ में डेढ़ करोड़ रुपये का इनामी नक्सल महासचिव बसवराजू मारा गया और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में भी मुठभेड़ हुई थी।