Page Loader
दिल्ली: जनवरी में दर्ज हुए 3.82 लाख कोरोना मामले, आठ महीनों के कुल मामलों से ज्यादा
दिल्ली: जनवरी में दर्ज हुए 3.82 लाख कोरोना मामले

दिल्ली: जनवरी में दर्ज हुए 3.82 लाख कोरोना मामले, आठ महीनों के कुल मामलों से ज्यादा

Feb 03, 2022
04:25 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते महीने कोरोना वायरस संक्रमण के 3.82 लाख से अधिक मामले सामने आए। यह संख्या इससे पहले के आठ महीनो में दर्ज हुए कुल मामलों से अधिक है। जनवरी में दिल्ली में 758 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी थी। यह संख्या पिछले साल जून के बाद से सबसे ज्यादा है। पिछले कुछ दिनों से यहां पॉजिटिविटी रेट में गिरावट देखी गई है, जिस कारण नए मामले कम हुए हैं।

दिल्ली में कोरोना

मई से दिसंबर के बीच आए 2.98 लाख मामले

दिल्ली सरकार के आंकड़े बताते हैं कि पिछले साल मई से दिसंबर के बीच राष्ट्रीय राजधानी में 2.98 लाख लोगों को सक्रमित पाया गया था। इनमें से करीब 2.76 लाख मामले तो अकेले मई में दर्ज हुए हैं, जब महामारी की दूसरी लहर अपने चरम से उतर रही थी। बीते पूरे साल की बात करें तो दिल्ली में आधिकारिक तौर पर 8.22 लाख सामने आए थे। इनमें से 4.86 लाख अप्रैल में दूसरी लहर के दौरान दर्ज हुए थे।

जानकारी

जून के बाद जनवरी में सबसे ज्यादा मौतें

दिल्ली में बीते महीने पिछले साल जून के बाद सबसे ज्यादा मौतें हुईं। जून में 740 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। यह पहली बार था, जब दिल्ली में एक महीने में कोरोना के कारण 100 से अधिक मौतें हुई थीं।

दिल्ली

जनवरी में चरम पर थी ओमिक्रॉन के कारण आई लहर

राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण आई लहर जनवरी में अपने चरम पर पहुंच गई थी। 13 जनवरी को दिल्ली में 28,867 मामले सामने आए थे, जो एक दिन में मिले सर्वाधिक मामले थे। इसके बाद से यहां नए मामलों में लगातार कमी देखी जा रही है। बुधवार को यहां 3,028 नए लोग संक्रमित पाए गए और 27 लोगों की मौत हुई। यहां कुल 18.35 लाख मामले सामने आए हैं और 25,919 मौतें हुई हैं।

जानकारी

कम होने लगीं पाबंदियां

बेहतर होते हालात के बीच दिल्ली में पाबंदियां कम होने लगी हैं। दिल्ली सरकार ने वीकेंड कर्फ्यू और दुकानों के लिए ऑड-ईवन नियम को बंद कर दिया है। साथ ही सभी रेस्टोरेंट, बार और सिनेमाहॉल 50 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालित हो सकेंगे।

कोरोना वायरस

देश में संक्रमण की क्या स्थिति?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,72,433 नए मामले सामने आए और 1,008 मरीजों की मौत हुई। इनमें पुरानी मौतें भी शामिल हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,18,03,318 हो गई है। इनमें से 4,98,983 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 15,33,921 हो गई है। ये लगातार दसवां ऐसा दिन है जब सक्रिय मामले घटे हैं। ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण देश तीसरी लहर का सामना कर रहा है।