Page Loader
कोरोना: देश में बीते दिन सामने आए 2.58 लाख मामले, 385 मरीजों की मौत
भारत में कोरोना वायरस के मामले

कोरोना: देश में बीते दिन सामने आए 2.58 लाख मामले, 385 मरीजों की मौत

Jan 17, 2022
09:04 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,58,089 नए मामले सामने आए और 385 मरीजों की मौत दर्ज हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,73,80,253 हो गई है। इनमें से 4,86,451 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 16,56,341 हो गई है। ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण मामलों में यह उछाल देखने को मिल रहा है। देश में आधिकारिक तौर पर ओमिक्रॉन के 8,209 मामले सामने आ चुके हैं।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए 1.51 लाख मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 1,51,740 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,52,37,461 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 94.51 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 13,13,444 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 70.37 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना वायरस

ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 72,11,810 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,41,808 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 53,78,831 ​​लोगों को संक्रमित पाया गया है और 50,832 मौतें हुई हैं। इसी तरह 32,20,087 ​मामलों और 38,431 मौतों के साथ कर्नाटक और 29,39,923 मामलों और 36,989 ​मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 41,327 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 29 मरीजों की मौत हुई। यहां ओमिक्रॉन वेरिएंट भी तेजी से अपने पैर पसार रहा है। केरल में 18,123 ​लोगों को संक्रमित पाया गया और 158 मरीजों की मौत हुई। कर्नाटक में 34,047 मामले सामने आए और 13 मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 23,975 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 22 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

जानकारी

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक वैक्सीन की 1,57,20,41,825 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 39,46,348 खुराकें लगाई गईं। देश में स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन कर्मचारियों और बुजुर्गों को बूस्टर खुराक लगना शुरू हो गया है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 32.78 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक 32.78 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 55.39 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 6.57 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 8.50 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.29 करोड़ संक्रमितों में से 6.21 लाख मरीजों की मौत हुई है।