Page Loader
कोरोना वायरस: भारत में मई में 90 लाख से अधिक लोग संक्रमित, 1.19 लाख की मौत

कोरोना वायरस: भारत में मई में 90 लाख से अधिक लोग संक्रमित, 1.19 लाख की मौत

Jun 01, 2021
09:01 pm

क्या है खबर?

देश अब कोरोना महामारी की दूसरी लहर से उबर रहा है तथा धीरे-धीरे संक्रमण और मौतों में कमी आ रही है। हालांकि, महामारी के लिहाज से मई का महीना सबसे अधिक भयावह रहा है। इस महीने में देश में कुल 90.10 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आए और कुल 1,20,042 लोगों की संक्रमण के कारण मौत हुई है। यह मई के महीने में दुनिया में संक्रमण और मौतों की सबसे अधिक संख्या है। आगे जानते हैं विस्तृत खबर।

रफ्तार

देश में इस तरह से बढ़े संक्रमण और मौत के मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रिकॉर्ड के अनुसार भारत में 1 मई को संक्रमितों की कुल संख्या 1,91,64,969 थी जो 31 मई को 90,10,075 की इजाफे के साथ 2,81,75,044 पर पहुंच गई है। इसी तरह एक मई को देश में मृतकों की कुल संख्या 2,11,853 थी, जो 31 मई को 1,20,042 के इजाफे के साथ 3,31,895 पर पहुंच गई है। इस हिसाब से देश में मई में प्रतिदिन औसतन 2,90,647 लोग संक्रमित हुए और 3,872 लोगों की मौत हुई है।

जानकारी

अप्रैल की तुलना में अधिक तेजी से बढ़ा संक्रमण

भारत में अप्रैल की तुलना में मई में संक्रमण की रफ्तार 45 प्रतिशत अधिक रही है। अप्रैल में देश में कुल 69.40 लाख लोग कोरोना वायस के संक्रमण की चपेट में आए थे, जबकि 48,768 लोगों ने महामारी के आगे अपनी जान गंवा दी थी।

प्रभावित

मई में यह रही महाराष्ट्र और कर्नाटक की स्थिति

मई में महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित रहा है। यहां 1 मई को संक्रमितों की संख्या 46,02,472 थी, जो 31 मई को 11,44,420 की बढ़ोतरी के साथ 57,46,892 पर पहुंच गई। इस तरह मृतकों की संख्या 26,531 की बढ़ोतरी के साथ 95,344 पर पहुंच गई। इसी तरह कर्नाटक में उस समय संक्रमितों की संख्या 11,01,690 थी जो अब 15,02,741 के इजाफे के साथ 26,04,431 पर पहुंच गई। इसी तरह मृतकों की संख्या 21,798 के इजाफे के साथ 29,090 पर पहुंच गई।

अन्य राज्य

केरल और आंध्र प्रदेश की यह रही है स्थिति

1 मई को केरल में संक्रमितों की कुल संख्या 15,71,183 थी, जो 31 मई को 9,55,396 की बढ़ोतरी के साथ 25,26,579 पर पहुंच गई है। इसी तरह मृतकों की संख्या 3,507 के इजाफे के साथ 8,815 पर पहुंच गई। इसी तरह उस दौरान आंध्र प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 11,01,690 थी, जो अब 5,91,395 के इजाफे के साथ 16,93,085 पर पहुंच गई। मृतकों की संख्या 2,932 के इजाफे के साथ 10,930 पर पहुंच गई।

प्रकार

भारत में मिले वायरस से नए स्ट्रेनों की पहचान 'कप्पा' और 'डेल्टा' के रूप में हुई

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कोरोना वायरस के नए स्ट्रेनों के लिए नए नाम जारी किए है। अब तक इन स्ट्रेनों को अल्फ़ान्यूमेरिक कोड या उन देशों द्वारा लेबल किया गया था जहां उन्हें पहली बार पहचाना गया था। जैसे UK स्ट्रेन, ब्राज़ीलियाई स्ट्रेन, भारतीय स्ट्रेन आदि। अब WHO ने इन्हें ग्रीक वर्णमाला के अक्षरों से पहचान दी है। जैसे भारत में पहली बार मिले स्ट्रेन B.1.617.1 को 'कप्पा' और B1.617.2 स्ट्रेन को 'डेल्टा' नाम दिया है।

स्वास्थ्य को खतरा

धूम्रपान करने वालों को कोरोना से है गंभीर खतरा- हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने सोमवार को कहा था कि धूम्रपान करने वालों में कोरोना संक्रमण के कारण गंभीर रूप से बीमार होने या फिर उनकी मौत होने का खतरा अन्य संक्रमितों की तुलना में 40 से 50 प्रतिशत तक अधिक रहता है। उन्होंने यह भी कहा था भारत में मौतों की उच्च संख्या को देश में तंबाकू के उपयोग के लिए जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। उन्होंने यह बयान विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर बोलते हुए की थी।

वर्तमान स्थिति

भारत में यह है कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,27,510 नए मामले सामने आए और 2,795 मरीजों की मौत हुई। लगातार पांचवे दिन दैनिक मामलों की संख्या दो लाख से कम रही है। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,81,75,044 हो गई है। इनमें से 3,31,895 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या कम होकर 18,95,520 रह गई है।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 15,077 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 184 मरीजों की मौत हुई। राज्य में दो महीने से अधिक समय बाद 20,000 से कम मामले सामने आए हैं। इसी तरह कर्नाटक में 16,604 लोगों को संक्रमित पाया गया और 411 मरीजों की मौत हुई, वहीं केरल में 12,300 मामले सामने आए और 174 मौतें हुईं। तमिलनाडु में 27,936 नए मामले सामने आए और 478 मरीजों की मौत हुई।