Page Loader
UPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए क्या न पढ़ें उम्मीदवार? सफलता की बढ़ जाएगी संभावना
UPSC: प्रारंभिक परीक्षा के लिए क्या न पढ़ें उम्मीदवार?

UPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए क्या न पढ़ें उम्मीदवार? सफलता की बढ़ जाएगी संभावना

लेखन राशि
Nov 08, 2023
02:19 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में 2 पेपर होते हैं। पहला पेपर सामान्य अध्ययन का और दूसरा पेपर CSAT का होता है। इन दोनों का पाठ्यक्रम काफी बड़ा है, इसकी अच्छी तैयारी के लिए छात्र कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। यही कारण है कि बहुत से छात्र महत्वहीन और अनावश्यक विषयों को भी पढ़ लेते हैं। इसके कारण उनका समय बर्बाद होता है। आइए जानते हैं उम्मीदवारों को किन चीजों को नहीं पढ़ना चाहिए।

#1

प्राचीन और मध्यकालीन इतिहास पर ज्यादा ध्यान न दें

भारत का प्राचीन और मध्यकालीन इतिहास प्रारंभिक परीक्षा के लिहाज से अधिक महत्वपूर्ण नहीं है, इन्हें पढ़ने में ज्यादा समय बर्बाद न करें। इनकी जगह आधुनिक इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम वाले भाग पर ज्यादा ध्यान दें। हालांकि, आधुनिक काल की घटनाओं को समझने के लिए प्राचीन और मध्यकालीन इतिहास की NCERT किताबें पढ़ सकते हैं। इतिहास की बुनियादी पृष्ठभूमि समझने के बाद पूरा फोकस आधुनिक इतिहास पर रखें। इसमें स्वतंत्रता संग्राम, महात्मा गांधी, कांग्रेस अधिवेशन से जुड़ी जानकारी पढ़ें।

#2

इन खबरों को नजरअंदाज करें

UPSC उम्मीदवारों को करेंट अफेयर्स की तैयारी के लिए प्रतिदिन अखबार पढ़ने की सलाह दी जाती है। ऐसे में अभ्यर्थी को समझदारी से चयन करना होगा कि कौनसी खबर गहराई से पढ़नी चाहिए और किसे छोड़ देना बेहतर है। अभ्यर्थियों को खेल और व्यावसायिक समाचारों को गहराई से नहीं पढ़ना चाहिए। अपराधिक समाचार पढ़ना भी समय की बर्बादी है। स्थानीय, क्षेत्रीय समाचार और मनोरंजन समाचार भी परीक्षा के लिए अप्रासंगिक है। उम्मीदवार केवल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व की खबरें पढ़ें।

#3

पाठ्यक्रम से अलग विषयों के बारे में न पढ़ें

प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी शुरू करने से पहले उम्मीदवारों को UPSC पाठ्यक्रम में दिए गए विषयों की सूची बना लेनी चाहिए। इन विषयों में दिए गए टॉपिकों को ही कवर करें, इससे अलग किसी भी चीज के बारे में नहीं पढ़ें। इस तरह उम्मीदवार जल्द पाठ्यक्रम कवर कर पाएंगे और अनावश्यक विषयों से भी बच सकेंगे। उम्मीदवार पढ़ाई से पहले पिछले साल के प्रश्नपत्रों के अनुसार विषयों का महत्व जानें और अधिक महत्वपूर्ण विषयों को ज्यादा प्राथमिकता दें।

#4

एक विषय पर बहुत सारी किताबें न पढ़ें

UPSC का पाठ्यक्रम बहुत बड़ा है, इसमें कई सारी अवधारणाएं और विषय शामिल हैं। उम्मीदवारों को पाठ्यक्रम में दिए गए हर विषय को पढ़ना चाहिए, लेकिन प्रारंभिक परीक्षा के लिए बहुत अधिक गहराई से अध्ययन आवश्यक नहीं है। ऐसे में उम्मीदवार एक विषय पर बहुत सारी किताबों का इस्तेमाल न करें। अपनी अध्ययन सामग्री सीमित रखें और विश्वसनीय किताबों का इस्तेमाल करें। कम अध्ययन सामग्री होने पर अनावश्यक जानकारियों का दबाव कम होगा और रिवीजन में आसानी होगी।

जानकारी

वेबसाइटों पर अनावश्यक सामग्री न पढ़ें

कई वेबसाइटों पर UPSC के नाम पर अनावश्यक सामग्री अपलोड की जाती है। इन्हें पढ़ना बिल्कुल भी जरूरी नहीं हैं। ऐसे में उम्मीदवार विश्वसनीय वेबसाइट का उपयोग करें ताकि आपको पाठ्यक्रम से संबंधित जानकारी ही मिले। अन्य जानकारियों में उलझने से बचें।