Page Loader
UPSC पास करने के लिए जानकारियों का सही चुनाव है जरूरी, अपनाएं ये टिप्स
UPSC की तैयारी के लिए कैसे करें सही जानकारियों का चुनाव (तस्वीरः फ्रीपिक)

UPSC पास करने के लिए जानकारियों का सही चुनाव है जरूरी, अपनाएं ये टिप्स

लेखन राशि
Sep 22, 2023
07:30 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा (CSE) की तैयारी करना बेहद चुनौतीपूर्ण है। परीक्षा के विभिन्न चरणों में उत्तीर्ण होने के लिए उम्मीदवारों का क्रेंदित रहना जरूरी है। कई बार भारी मात्रा में जानकारी उपलब्ध होने से उम्मीदवार तैयारी से भटक जाते हैं। ऐसे में परीक्षा तैयारी के दौरान सही जानकारियों का चुनाव करना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं UPSC उम्मीदवार सही जानकारी का चुनाव करते समय किन बातों का ध्यान रखें।

#1

क्या है 'लेस इज मोर' थ्योरी?

'लेस इज मोर' थ्योरी UPSC की तैयारी में बेहद मददगार है। इसका मतलब है कि तैयारी के लिए कम जानकारी पढ़ें, लेकिन उसका बेहतर तरीके से उपयोग करना सीखें। अधिकांश उम्मीदवार इस महत्वपूर्ण बात को अनदेखा कर देते हैं और अलग-अलग जानकारी पढ़ने के चक्कर में इतना उलझ जाते हैं कि उनका पाठ्यक्रम भी पूरा नहीं हो पाता। विषयों की तैयारी गहन और विस्तृत होना चाहिए, लेकिन अनावश्यक जानकारियों को पढ़ने से आप लक्ष्य से भटक सकते हैं।

#2

क्या आप जानकारी से वंचित हैं?

एक UPSC उम्मीदवार के रूप में आपको ये पता होना चाहिए कि आप जानकारी से वंचित हैं या नहीं। कई बार जानकारी छूट जाने का डर उम्मीदवार के लिए कठिनाई पैदा कर देता है। ऐसे में केवल पाठ्यक्रम के अनुसार ही जानकारी पढ़ें। अगर किसी उम्मीदवार को लगता है कि सामग्री को सीमित करने से उनका प्रदर्शन कमजोर होगा तो वे मॉक टेस्ट हल करें। इससे पता लगेगा कि उन्हें किसी विषय के बारे में कितनी जानकारी पढ़नी चाहिए।

#3

टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करें या नहीं?

आमतौर पर उम्मीदवारों के मन में ये सवाल होता है कि तैयारी के दौरान टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करें या नहीं। इसका जबाव है कि उम्मीदवारों को टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करना चाहिए। कई UPSC टॉपर्स ऑनलाइन सामग्री और स्टडी ऐप्स के इस्तेमाल की वकालत करते हैं। उनका कहना है कि टेक्नोलॉजी उम्मीदवारों के समय को बचाती है। हालांकि, कई बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित ऐप्स की जानकारियों में गलतियां भी होती हैं। ऐसे में जानकारियों को विश्ववसनीय स्त्रोतों से ही पढ़ें।

#4

कैसे चुनें सही स्त्रोत?

वर्तमान समय में ऑनलाइन अध्ययन स्त्रोतों की भरमार है। ऐसे में सही स्त्रोत का चुनाव करना काफी कठिन होता है। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि उम्मीदवार राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) द्वारा जारी मानकीकृत पुस्तकें, विज्ञान प्रसार, प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB), योजना, कुरुक्षेत्र, संसद टीवी जैसे डिजिटल स्त्रोतों का उपयोग करें। इसके अलावा छात्र विभिन्न सरकारी नीतियों और रिपोर्टों के बारे में आधिकारिक वेबसाइटों से विस्तृत जानकारी हासिल कर सकते हैं।

#5

कैसे रखें सही दृष्टिकोण?

विशेषज्ञों का मानना है कि तैयारी के लिए एक स्पष्ट दृष्टिकोण आवश्यक है। UPSC की यात्रा हर व्यक्ति के लिए अलग-अलग होती है। ऐसे में किसी और की सफलता की कहानी पर आंख मूंदकर अनुसरण करने की बजाए अपनी जरूरतों के हिसाब से योजना बनाएं। अपनी कमजोरियों पर काम करें और अपनी ताकत पर भरोसा रखें। केवल उन्हीं जानकारियों को पढ़ें जो परीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है। जानकारियों का बार-बार रिवीजन करें।