Page Loader
टेस्ट क्रिकेट: किसी एक मैदान पर 5 या अधिक बार 150+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज 
जयवर्धने ने 6 पारियों में कोलंबो में बनाए हैं 150+ रन के स्कोर (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टेस्ट क्रिकेट: किसी एक मैदान पर 5 या अधिक बार 150+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज 

Jul 21, 2025
03:23 pm

क्या है खबर?

आम तौर पर खिलाड़ी अपने देश के घरेलू मैदानों पर अच्छा प्रदर्शन करते हैं। दरअसल, टीमें अपने घरेलू मैदानों पर बहुत मैच खेलती हैं और वहां की परिस्थितियों से परिचित होती है। वहीं, कुछ बल्लेबाज किसी विशेष मैदान पर रन बनाना पसंद करते हैं और बड़ी पारियां खेलते हैं। इस बीच टेस्ट क्रिकेट में किसी एक मैदान पर 5 या उससे अधिक बार 150+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

महेला जयवर्धने (कोलंबो में 6 स्कोर)

पूर्व श्रीलंकाई कप्तान महेला जयवर्धने ने कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में 27 टेस्ट मैच खेले थे, जिसकी 42 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 2,921 रन बनाए थे। वह इस मैदान पर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस मैदान पर टेस्ट में कुल 11 शतक लगाए थे। इस बीच उन्होंने 6 पारियों में 150+ रन बनाए थे। इस मैदान पर उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 374 रन रहा था।

#2 

महेला जयवर्धने (गॉल में 5 स्कोर)

जयवर्धने ने के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में 23 टेस्ट की 37 पारियों में 70.05 की औसत के साथ 2,382 रन बनाए थे। उनके बल्ले से इस मैदान पर 12 अर्धशतक और 7 शतक निकले थे। उनका यहां सर्वश्रेष्ठ स्कोर 237 रन रहा था। उन्होंने यहां पर 5 पारियों में 150+ स्कोर किए थे। जयवर्धने ने इस मैदान पर अपना पहला मुकाबला साल 1998 में खेला था। आखिरी बार वह 2014 में यहां खेलते हुए नजर आए थे।

#3

कुमार संगाकारा (कोलंबो में 5 स्कोर)

पूर्व श्रीलंकाई विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगाकारा ने सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में 22 टेस्ट मैच खेले थे, जिसकी 34 पारियों में 74.58 की औसत के साथ 2,312 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 7 अर्धशतक और 8 शतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 287 रन का रहा था। उन्होंने इस मैदान पर 5 पारियों में 150 से अधिक रन बनाए थे। संगाकारा ने कोलंबो में अपना आखिरी मुकाबला 2014 में खेला था।

जानकारी

इन बल्लेबाजों ने एक मैदान पर बनाए हैं 4 स्कोर 150+ रन के 

केन विलियमसन ने हैमिलटन में, लेन हटन ने ओवल में, जो रूट ने लॉर्ड्स में और डॉन ब्रैडमैन ने मेलबर्न के मैदान पर 4-4 स्कोर में 150 से अधिक रन बनाए हैं।