Page Loader
UPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं पर्यावरण और जैव विविधता के ये टॉपिक
पर्यावरण और जैव विविधता की तैयारी (तस्वीरः फ्रीपिक)

UPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं पर्यावरण और जैव विविधता के ये टॉपिक

लेखन राशि
May 22, 2023
09:25 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कुछ ही दिन शेष हैं। परीक्षार्थी भारतीय राजव्यवस्था, अर्थव्यवस्था, भारतीय इतिहास जैसे विषयों की तैयारी कर रहे हैं। इन विषयों के अलावा पर्यावरण और जैव विविधता भी प्रारंभिक परीक्षा के मुख्य खंड हैं। परीक्षा के आखिरी दिनों में सभी विषयों का पाठ्यक्रम पूरा करना पाना मुश्किल हैं, ऐसे में उम्मीदवार मुख्य टॉपिकों पर फोकस करें। आइए जानते हैं पर्यावरण और जैव विविधता के महत्वपूर्ण टॉपिक।

पर्यावरण

पर्यावरण से संबंधित मुद्दे तैयार करें

पिछले कुछ सालों में पर्यावरण संबंधी सवाल ज्यादा पूछे जा रहे हैं। ऐसे में उम्मीदवार पर्यावरण से संबंधित परिभाषाएं, पर्यावरण में आद्रभूमियां, राष्ट्रीय पार्क, अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन आदि के बारे में पढ़ें। बायोकेमिकल साइकिल, नवीकरणीय ऊर्जा, प्रकृति के संरक्षण के लिए अंतर्राष्ट्रीय संघ (IUCN) की सूची पढ़ें। IUCN द्वारा रेड लिस्ट में शामिल प्रजातियों के बारे में सभी जानकारियों को जरूर कवर करें। जैव विविधता के हॉट्सपॉट, कोल्डस्पॉट के बारे में पढ़ें।

प्रदूषण

प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के टॉपिक

प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से संबंधित मुद्दे परीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। जल प्रदूषण, वायु प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण, प्रमुख प्रदूषक, मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक प्रदूषक, प्रदूषण रोकने के लिए अपनाई जा रही अलग-अलग तकनीकों के बारे में पढ़ें। प्रदूषण से निपटान के लिए हो रहे अनुसंधान और सरकार के लक्ष्य से संबंधित जानकारी कवर करें। इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन से संबधित विशेष निर्णय, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के शिखर सम्मेलन और लक्ष्य से संबंधित जानकारी पढ़ें।

करेंट

महत्वपूर्ण संस्थाएं और कानूनों के बारे में पढ़ें

उम्मीदवार अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय पहल और योजनाओं के बारे में पढें। संयुक्त राष्ट्र (UN) की जलवायु परिवर्तन पर रिपोर्ट और फ्रेमवर्क, रामसर कन्वेंशन, रामसर साइट्स, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और संगठन, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मिशन, सतत विकास के लिए राष्ट्रीय मिशन को जरूर पढें। सरकारी नीति और कानूनों के बारे में पढ़ें। पर्यावरण के क्षेत्र में काम कर रहे लोग और पुरस्कारों से संबंधित जानकारी कवर करें। इस खंड की तैयारी के लिए साल भर के करेंट अफेयर्स पढ़ें।

कृषि

कृषि संबंधित टॉपिकों पर ध्यान दें

कृषि संबंधित मुद्दों में भूमि के प्रकार, खेती के तरीके, विभिन्न फसलों के बारे में जानकारी बढाएं। खेती में प्रयोग किए जाने वाले उर्वरक और उनका प्रभाव, कृषि संबंधित प्रमुख संगठन के बारे में पढें। खाद्य एवं प्रसंस्करण तकनीकें, हिमालय, पश्चिमी घाट, पठार और मैदानी क्षेत्रों में खेती की तकनीक और उपज से संबंधित टॉपिकों को कवर करें। कृषि क्षेत्र में चलाई जा रही सरकारी योजनाओं और सरकारी संस्थाओं के बारे में जानकारी एकत्रित करें।