Page Loader
UPSC: IFS मुख्य परीक्षा में केवल 20 दिन शेष, तैयारी के लिए अपनाएं ये रणनीति
UPSC IFS मुख्य परीक्षा की तैयारी कैसे करें? (तस्वीरः फ्रीपिक)

UPSC: IFS मुख्य परीक्षा में केवल 20 दिन शेष, तैयारी के लिए अपनाएं ये रणनीति

लेखन राशि
Nov 06, 2023
02:19 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की वन सेवा मुख्य परीक्षा (IFS) 26 नवंबर से शुरू होने वाली है। परीक्षा में अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान और वैकल्पिक विषय के पेपर होते हैं। वैकल्पिक विषयों के पेपर सबसे कठिन माने जाते हैं। अब परीक्षा में लगभग 20 दिन का समय बचा है, ऐसे में सभी उम्मीदवारों के बीच तनाव की स्थिति है। आइए जानते हैं उम्मीदवार कम समय में परीक्षा की तैयारी कैसे कर सकते हैं।

#1

उचित अध्ययन योजना बनाएं

कम समय में बेहतर तैयारी के लिए उचित अध्ययन योजना बनाएं। अपने दैनिक कार्यक्रम में सभी विषयों को बराबर समय देने का प्रयास करें। सरल विषयों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें। अब परीक्षा का समय नजदीक है, ऐसे में उम्मीदवारों को कम से कम 10 घंटे पढ़ाई करने की सलाह दी जाती है। इससे समय पर पाठ्यक्रम कवर होगा और आप रिवीजन भी कर पाएंगे। हालांकि, लगातार पढ़ाई के बीच ब्रेक लेना भी जरूरी है।

#2

उत्तर लेखन का अभ्यास करें

IFS मुख्य परीक्षा में आपको निश्चित समय में कई सारे उत्तर लिखने होंगे। ऐसे में उत्तर लेखन का अभ्यास करना बेहद जरूरी है। उम्मीदवार बहुआयामी प्रश्नों को व्यापक रूप से लिखना सीखें और महत्वपूर्ण जानकारियों को प्वाइंट्स में समझाएं। उत्तर लेखन के दौरान गति और लिखावट का भी विशेष ध्यान रखें। अगर आप नियमित रूप से उत्तर लिखेंगे तो विश्लेषणात्मक सोच विकसित होगी। इसके अलावा आप समय प्रबंधन करना भी सीख सकेंगे, इससे परीक्षा में पेपर अधूरा नहीं छूटेगा।

#3

करेंट अफेयर्स की तैयारी करें

मुख्य परीक्षा की तैयारी के दौरान करेंट अफेयर्स कवर करना सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। अगर आप उत्तरों में हाल की घटनाओं को जोड़ेंगे तो ज्यादा अंक हासिल कर सकेंगे। ऐसे में उम्मीदवार करेंट अफेयर्स मैगजीन की मदद से सभी विषयों के बारे में नवीनतम जानकारी जुटाएं। इसके अलावा संसद टीवी और अन्य यूट्यूब चैनलों की मदद से करेंट अफेयर्स पढ़ सकते हैं। प्रमुख तथ्यों और आधिकारिक आंकड़ों का फ्लोचार्ट बनाएं, इसकी मदद से रिवीजन में आसानी होगी।

#4

पिछले साल के प्रश्नपत्रों का विश्लेषण करें

गुणात्मक उत्तर लिखने के लिए प्रत्येक पेपर में प्रश्नों के पैटर्न को समझना जरूरी है। ऐसे में पिछले साल के प्रश्नपत्रों को हल करके देखें। प्रश्नों की समझ बेहतर बनाने के लिए 'रिवर्स इंजीनियरिंग' नामक तकनीक का उपयोग करें। इस तकनीक में पहले प्रश्नों को समझा जाता है और उसके बाद संबंधित टॉपिक को पढ़ा जाता है। इससे आप उन सभी पहलुओं को कवर कर सकते हैं जो परीक्षा में लगातार पूछे जाते हैं।

जानकारी

वैकल्पिक विषय को न करें अनदेखा

IFS मुख्य परीक्षा में पास होने के लिए वैकल्पिक विषय की तैयारी करना सबसे ज्यादा जरूरी है। सभी महत्वपूर्ण टॉपिकों को बार-बार पढें। बुनियादी अवधारणाओं को स्पष्ट करें और अंतिम समय में रिवीजन के लिए शॉर्ट नोट्स जरूर बनाएं।