Page Loader
UPSC: सामान्य अध्ययन पेपर 3 में अच्छे अंक लाने के लिए इन टॉपिक्स पर दें ध्यान
सामान्य अध्ययन पेपर 3 के लिए महत्वपूर्ण टॉपिक (तस्वीरः फ्रीपिक)

UPSC: सामान्य अध्ययन पेपर 3 में अच्छे अंक लाने के लिए इन टॉपिक्स पर दें ध्यान

लेखन राशि
Sep 06, 2023
02:39 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 15 सितंबर से है। सिविल सेवक बनने के लिए इस चरण को अच्छे अंकों से पास करना बेहद जरूरी है। अगर उम्मीदवार सामान्य अध्ययन के चारों और वैकल्पिक विषयों के दोनों पेपरों में अच्छे अंक हासिल करते हैं तो अंतिम परिणाम में अच्छी रैंक मिलने की संभावना बढ़ जाती है। आइए जानते हैं सामान्य अध्ययन पेपर 3 की तैयारी के लिए किन टॉपिकों पर ध्यान देना जरूरी है।

जानकारी

सामान्य अध्ययन पेपर 3 का पाठ्यक्रम

सामान्य अध्ययन पेपर 3 के पाठ्यक्रम में आर्थिक विकास, विज्ञान प्रौद्योगिकी, जैव विविधता, पर्यावरण, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे विषय शामिल हैं। अब परीक्षा में कम समय शेष है। ऐसे में उम्मीदवार इन विषयों के महत्वपूर्ण टॉपिकों पर विशेष ध्यान दें।

#1

आर्थिक विकास के महत्वपूर्ण टॉपिक

आर्थिक विकास में भारतीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और आर्थिक गतिविधि से संबंधित मुद्दों पर ध्यान दें। भारत में बैंकिंग व्यवस्था, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति, रेपो, रिवर्स रेपो रेट संबंधी नियम, समावेशी विकास, भारतीय और विदेशी निवेश, निवेश के मॉडल आदि को प्रमुखता से कवर करें। भारत के विभिन्न ऊर्जा केंद्र, बंदरगाह, हवाई अड्डे, राजमार्ग, उद्योग, जनसंख्या, जनगणना, भारत सरकार की राजकोषीय नीति, साक्षरता, वायु गुणवत्ता और आय संबंधी सूचकांकों के बारे में अच्छे से पढ़ें।

#2

जैवविविधता और पर्यावरण के महत्वपूर्ण टॉपिक

मुख्य परीक्षा में पर्यावरण से जुड़े कई सवाल पूछे जाते हैं। ऐसे में उम्मीदवार पर्यावरण सरंक्षण, पर्यावरण प्रदूषण, पर्यावरणीय प्रभाव, प्रजातियों का विलुप्तीकरण, पारिस्थितिकी तंत्र से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से कवर करें। इसके अलावा बायोस्फीयर रिजर्व, उद्यान, जलवायु परिवर्तन, विभिन्न कृषि पद्धति, हरित-सफेद क्रांति, ई-कचरा प्रबंधन, खतरनाक अपशिष्ठ, भूमि क्षरण, खनन के दुष्परिणाम और परमाणु दुर्घटनाओं से संबंधित टॉपिकों को कवर करें। अंतरराष्ट्रीय संघ (IUCN) द्वारा चयनित प्रजातियां, रामसर कन्वेंशन, सतत विकास के मिशन आदि के बारे में पढ़ें।

#3

विज्ञान प्रौद्योगिकी के महत्वपूर्ण टॉपिक

विज्ञान प्रौद्योगिकी में अधिकांश सवाल करेंट अफेयर्स से जोड़कर पूछे जाते हैं। ऐसे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई रिसर्च और भारतीयों की उपलब्धि, आईटी क्षेत्र के अनुप्रयोग, नैनो टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, नाभिकीय रिसर्च, चंद्रयान, अंतरिक्ष अभियान आदि से संबंधित टॉपिकों को कवर करें। इसके अलावा जीएम फसलें, जीन संपादन, रक्षा, जैव, सूचना और संचार प्रौद्योगिकियों के बारे में पढ़ें। कंप्यूटर और ऊर्जा संसाधन सूक्ष्म जीव विज्ञान, बौद्धिक संपदा और डिजिटल अधिकारों से संबंधित मुद्दे कवर करें।

जानकारी

आपदा प्रबंधन के महत्वपूर्ण टॉपिक

आपदा प्रबंधन में बाढ़, भूस्खलन, भूकंप जैसी प्राकृति आपदा, अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स संबंधित मुद्दों को कवर करें। आंतरिक सुरक्षा में आतंकवाद, साइबर अपराध, साइबर सुरक्षा, मानव तस्करी, भ्रष्टाचार, संगठित अपराध, आंतरिक और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों के बारे में विस्तार से पढ़ें।