Page Loader
CBSE ने जारी किया CTET परीक्षा का परिणाम
CBSE CTET परीक्षा का परिणाम घोषित (तस्वीरःपिक्साबे)

CBSE ने जारी किया CTET परीक्षा का परिणाम

लेखन राशि
Mar 03, 2023
07:25 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) दिसंबर,2022 के सत्र का परिणाम जारी कर दिया है। उम्मीदवार अपने रोल नंबर का उपयोग कर आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना परिणाम देख सकते हैं। CBSE ने परीक्षा परिणाम डिजीलॉकर पर भी उपलब्ध होने की बात कही है। परीक्षा का आयोजन 28 दिसंबर, 2022 से 7 फरवरी, 2023 के बीच हुआ था। परीक्षा की फाइनल आंसर की 14 फरवरी को ही वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई थी।

परीक्षा

9 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने पास की परीक्षा

CBSE की ओर से जारी किए गए CTET परीक्षा परिणामों में 9 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। CTET के पेपर 1 के लिए कुल 17,04,282 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था और 14,22,959 ने परीक्षा दी थी। इनमें से 5,79,844 उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की है। CTET पेपर 2 के लिए कुल 15,39,464 उम्मीदारों ने पंजीकरण कराया था, परीक्षा में 12,76,071 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसमें से 3,76,025 उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफल हुए।

चेक

ऐसे देखें परिणाम

CTET का परिणाम चेक करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। यहां होम पेज पर दिख रहे CTET दिसंबर 2022 रिजल्ट पर क्लिक करें। इसके बाद लॉग इन पेज खुलेगा। इसमें लॉग इन जानकारियां भरें और सबमिट करें। इसके बाद CTET रिजल्ट स्क्रीन पर दिखेगा, इसे डाउनलोड कर लें और भविष्य के लिए प्रिंटआउट कर लें। CTET की मार्कशीट और प्रत्येक अभ्यर्थी के योग्यता प्रमाण पत्र डिजीलॉकर पर अपलोड कर दिए जाएंगे।

परीक्षा

243 परीक्षा केंद्रों में आयोजित हुई थी CTET परीक्षा

CTET परीक्षा का आयोजन भारत के 74 शहरों और 243 परीक्षा केंद्रों में किया गया था। CTET परीक्षा 150 अंक की होती है। परीक्षा में हर वर्ग के लिए अलग-अलग उत्तीर्ण अंक हैं। सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों को पास होने के लिए 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने होंगे। अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए उत्तीर्ण अंक 55 प्रतिशत हैं। परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होती।

CTET

क्या है CTET परीक्षा?

CTET एक शिक्षक पात्रता परीक्षा है, जो कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाती है। CBSE की ओर से साल में 2 बार इस परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इस परीक्षा के तहत 2 पेपर होते हैं। पेपर-1 में सफल होने वाले उम्मीदवारों को कक्षा 1 से 5 तक के लिए होने वाली शिक्षक भर्ती और पेपर-2 में उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थियों को कक्षा 6 से कक्षा 8 तक लिए होने वाली शिक्षक भर्ती में योग्य माना जाता है।