Page Loader
सरकार ने शुरू किया 'भारत पढ़े ऑनलाइन' अभियान, ऑनलाइन शिक्षा में सुधार के लिए दें सुझाव

सरकार ने शुरू किया 'भारत पढ़े ऑनलाइन' अभियान, ऑनलाइन शिक्षा में सुधार के लिए दें सुझाव

Apr 11, 2020
01:04 pm

क्या है खबर?

कोरोना को रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन है, जिस कारण सभी स्कूल, कॉलेज और ऑफिस बंद हैं। सभी राज्य सरकार और स्कूल छात्रों को घर पर ही पढ़ाने के लिए प्रयास कर रहे हैं और छात्रों को ऑनलाइन क्लास की सुविधा दे रहे हैं। इसी बीच ऑनलाइन शिक्षा में सुधार और बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय मानव संसाधन और विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ने 'भारत पढ़े ऑनलाइन' अभियान की शुरुआत की है। आइए जानें।

उद्देश्य

इस उद्देश्य से शुरू किया गया ये अभियान

रमेश पोखरियाल ने शुक्रवार को भारत के ऑनलाइन एजुकेशन इकोसिस्टम में सुधार के लिए एक सप्ताह का 'भारत पढ़े ऑनलाइन' अभियान की शुरुआत की है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य देश के सभी सर्वश्रेष्ठ लोगों को आमंत्रित करना है, जिससे कि वे ऑनलाइन शिक्षा की बाधाओं को दूर करने के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय के साथ सुझाव और समाधान बांट सकें। इसमें सभी लोग ऑनलाइन शिक्षा में सुधार के लिए अपने सुझाव दे सकते हैं।

विवरण

16 अप्रैल तक ऐसे शेयर करें अपने आइडिया

रमेश पोखरियाल ने ये भी बताया कि आप अपने विचारों को bharatpadheonline.mhrd@gmail.com और ट्विटर पर #BharatPadheOnline के साथ MHRD मंत्रालय को टैग करते हुए 16 अप्रैल तक शेयर कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि देशभर के शिक्षक भी शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता और अनुभव के साथ योगदान दे सकते हैं। पोखरियाल ने सभी से भारत में ऑनलाइन शिक्षा को तेज करने की पहल में भाग लेने के लिए अनुरोध किया है।

ट्विटर पोस्ट

रमेश पोखरियाल ने दी जानकारी

मोबाइल ऐप

आरोग्य सेतु मोबाइल ऐप डाउलोड करने को भी कहा

इसके साथ ही रमेश पोखरियाल ने देशभर के छात्रों से 'आरोग्य सेतु' मोबाइल ऐप डाउनलोड करने का आग्रह भी किया। इस ऐप को मंत्रालय ने एक सप्ताह पहले ही लॉन्च कर दिया था। IOS और एंड्रॉइड सिस्टम वाले फोन पर उपयोग किए जाने वाले इस एप को कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के उद्देश्य के साथ लॉन्च किया गया है। यह लोगों को उनके संबंधित क्षेत्रों में कोरोना वायरस संक्रमण से पीड़ित लोगों के बारे में जानकारी देता है।

जानकारी

अभी तक इतने लोग डाउनलोड कर चुके ये ऐप

भारत में एक करोड़ से अधिक लोगों ने अब तक इस ऐप को डाउनलोड कर लिया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ये ऐप 11 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है। इस ऐप को आप प्ले स्टोर पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।