 
                                                                                थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद को लेकर गोलीबारी, कंबोडियाई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले
क्या है खबर?
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद को लेकर तनाव काफी बढ़ गया है। गुरुवार को थाईलैंड के सुरिन प्रांत में प्राचीन मंदिर स्थल ता मुअन थॉम और ता क्रबेई के निकट विवादित सीमा बिंदु पर दोनों सेनाओं की बीच 5 स्थानों पर भारी गोलीबारी हुई। गोलीबारी में 2 थाई नागरिकों की मौत और कुछ सैनिकों के घायल होने की खबर है। इसके बाद थाई सेना ने कंबोडिया के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमला किया और F-16 तैनात किया है।
गोलीबारी
कंबोडिया और थाईलैंड की ओर से क्या आया बयान?
कंबोडिया के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल माली सोचेता ने बयान में कहा, "कंबोडियाई सेनाओं ने आत्मरक्षा की सीमा के भीतर ही कार्रवाई की और थाई सैनिकों द्वारा हमारी क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करने वाले अकारण आक्रमण का जवाब दिया। कंबोडिया ने यह लड़ाई शुरू नहीं की। लेकिन हम अपनी मातृभूमि की रक्षा करेंगे।" थाई सेना का कहना है कि कंबोडिया ने निगरानी ड्रोन तैनात किया था, इसके बाद तोप समेत भारी हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी।
ट्विटर पोस्ट
गोलीबारी का दृश्य
🇹🇭 #Thailand - 🇰🇭 #Cambodia: Clashes erupted between Thai and Cambodian soldiers as both sides are shelling each other's positions. pic.twitter.com/c8NJA1sxjY
— POPULAR FRONT (@PopularFront_) July 24, 2025
विवाद
दोनों देशों के बीच क्या है विवाद?
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच 19वीं सदी से 817 किलोमीटर लंबे भूमि सीमा पर विभिन्न अनिर्धारित बिंदुओं पर संप्रभुता को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों देश प्रियह विहार मंदिर और इसके आसपास के क्षेत्र, ता मुअन थॉम, ता मुअन तोच, और ता क्रबेई जैसे अन्य प्राचीन मंदिर और एमराल्ड ट्रायंगल को लेकर झगड़ रहे हैं। मई में यह विवाद सशस्त्र झड़प में बदल गया है, जिसमें कंबोडियाई सैनिक की मौत हुई थी। इसके बाद से विवाद चरम पर है।
संबंध
दोनों देशों ने अपने राजनयिक संबंध तोड़े
दोनों देशों के बीच विवाद बढ़ने का असर पर्यटन और व्यापार पर पड़ा है। सीमाएं बंद हैं और कंबोडिया ने थाईलैंड से ईंधन, गैस, फलों, बिजली, इंटरनेट आयात पर रोक लगा दी है। कंबोडिया ने विवादित क्षेत्रों (चोंग बोक्स और प्राचीन मंदिर) के लिए अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) में शिकायत दर्ज की, जबकि थाईलैंड ने इसे खारिज कर द्विपक्षीय बातचीत पर जोर दिया है। दोनों देशों के बीच रायनयिक संबंध टूट गए हैं। उन्होंने अपने-अपने राजनयिकों को वापस बुला लिया है।
विवाद
विवाद में चली गई थाई प्रधानमंत्री की कुर्सी
कंबोडिया और थाई की सीमा विवाद इतना जटिल है कि थाईलैंड की प्रधानमंत्री पेतोंगतार्न शिनावात्रा को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी। उन्होंने कंबोडिया के पूर्व नेता हुन सेन के साथ 15 जून को फोन पर बात करते समय उनको अंकल कहा था और अपने सैन्य कमांडर की आलोचना की थी। यह बातचीत सोशल मीडिया पर लीक हो गई, जिसके बाद 1 जुलाई 2025 को संवैधानिक कोर्ट ने शिनावात्रा को निलंबित कर दिया था।