LOADING...
क्या ऋषभ पंत पूरी सीरीज से बाहर हो जाएंगे? दिग्गजों ने क्या कहा
मैच के पहले दिन ऋषभ पंत चोटिल हो गए (तस्वीर: एक्स/@Dheerajsingh_)

क्या ऋषभ पंत पूरी सीरीज से बाहर हो जाएंगे? दिग्गजों ने क्या कहा

Jul 24, 2025
11:06 am

क्या है खबर?

इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के पहले दिन भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा। रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में चूकने के बाद ऋषभ पंत बुरी तरह चोटिल हो गए। विकेट के पास गिरते ही वो दर्द से तड़पते नजर आए। फिजियो ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन तब तक उनके दाएं पैर में खून बह रहा था और सूजन भी साफ दिख रही थी। उनकी इस चोट पर पूर्व दिग्गजों ने क्या कहा? आइए जान लेते हैं।

बयान

पंत की चोट देख परेशान हुए रिकी पोंटिग 

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग पंत की चोट को लेकर खासे चिंतित नजर आए। स्काई स्पोर्ट्स से बात करते हुए पोंटिंग ने कहा, "वो (पंत) अपना पैर जमीन पर रख भी नहीं पा रहा था। जिस तरह तुरंत सूजन आई, वो मुझे परेशान कर गई। मुझे खुद ऐसी चोट लग चुकी है और यहां हड्डियां काफी नाजुक होती हैं। पंत जिस तरह पैर पर वजन नहीं डाल पा रहा था वो बिल्कुल भी अच्छा संकेत नहीं है।"

इंग्लैंड

पंत नहीं खेले तो भारत को बड़ा झटका 

माइकल आथर्टन ने पंत की चोट को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा, "अगर पंत इस टेस्ट से या पूरी सीरीज से बाहर हो जाते हैं तो यह भारत के लिए बहुत बड़ा झटका होगा। 264/4 की मजबूत स्थिति तुरंत 264/5 हो जाएगी और नया गेंद भी आने वाला है, ऐसे में भारत को जल्दी समेटा जा सकता है। हालांकि, अगर पंत दोबारा बल्लेबाजी करने लौटते हैं तो मैच की तस्वीर बदल सकते हैं। मुझे चोट काफी गंभीर लग रही है।"

Advertisement

BCCI

BCCI ने क्या कहा?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक्स पर पंत को लेकर जानकारी दी है। पंत को स्कैन के लिए मैदान से बाहर ले जाया गया और मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। अगर पंत आगे मैदान पर नहीं उतर पाते तो उनकी जगह ध्रुव जुरेल को स्थानापन्न विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया जाएगा जैसे लॉर्ड्स टेस्ट में हुआ था। पंत को जसप्रीत बुमराह की गेंद पर अंगूठे में चोट लगी थी।

Advertisement

पहला दिन

ऐसा रहा पहले दिन का खेल

पहले दिन के खेल की समाप्ति तक भारतीय क्रिकेट टीम ने 264/4 का स्कोर बनाया था। ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर मेहमान टीम की ओर से यशस्वी जायसवाल (58) और साई सुदर्शन (61) ने अर्धशतक लगाए। स्टंप्स की घोषणा तक क्रीज पर फिलहाल रविंद्र जडेजा (19*) और शार्दुल ठाकुर (19*) बने हुए हैं। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने 2 विकेट चटकाए हैं। क्रिस वोक्स और लियाम डॉसन को 1-1 सफलता मिली है।

Advertisement