Page Loader
श्रीलंका संसदीय चुनाव 2024: राष्ट्रपति दिसानायके की पार्टी ने हासिल किया बहुमत, जानिए कितनी सीटें जीतीं
श्रीलंका के संसदीय चुनाव में राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके की पार्टी को मिला बहुमत

श्रीलंका संसदीय चुनाव 2024: राष्ट्रपति दिसानायके की पार्टी ने हासिल किया बहुमत, जानिए कितनी सीटें जीतीं

Nov 15, 2024
11:22 am

क्या है खबर?

श्रीलंका में संसदीय चुनाव के लिए हुए मतदान की मतगणना शुक्रवार को हो रही है। इसमें श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके की नेशनल पीपुल्स पावर पार्टी (NPP) ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, अब तक सामने आए परिणामों में NPP गठबंधन ने कुल 225 सीटों में से 123 पर जीत दर्ज करते हुए बहुमत (113) का आंकड़ा पार कर लिया है। पार्टी अभी भी कई सीटों पर बढ़त भी बनाए हुए हैं।

वोट

NPP गठबंधन को अब तक मिले 62 प्रतिशत वोट

आयोग के अनुसार, अब तक गिने गए तीन-चौथाई से अधिक मतों में NPP गठबंधन को 62 प्रतिशत वो प्राप्त हुए हैं, जबकि विपक्षी नेता साजिथ प्रेमदासा की समागी जन बलवेगया (SJB) पार्टी केवल 18 प्रतिशत वोटों के साथ काफी पीछे चल रही है। चुनावों में NPP का समर्थन करने वाले IT पेशेवर चणक राजपक्षे ने AFP से कहा, "इस चुनाव में देश की जनता ने भ्रष्टाचार और भ्रष्ट व्यवस्था से छुटकारा पाने के लिए बढ़-चढ़कर मतदान किया है।"

चुनाव

श्रीलंका में क्यों हुए हैं चुनाव?

दरअसल, सितंबर 2024 को हुए राष्ट्रपति चुनाव में दिसानायके को जीत मिली थी, लेकिन वे 50 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल नहीं कर पाए थे। संसद में उनकी पार्टी जनता विमुक्ति पेरामुना (JVP) NPP गठबंधन का नेतृत्व करती है, लेकिन उसके पास केवल 3 ही सांसद हैं। ऐसे में अपनी नीतियों को बढ़ाने के लिए दिसानायके संसद में बहुमत चाहते हैं। सितंबर में राष्ट्रपति पद की शपथ लेते ही उन्होंने संसद भंग कर मध्यावधि चुनाव के आदेश दिए थे।