
अमेरिका में तिरंगा जलाने की कोशिश के विरोध में लगे 'भारत माता की जय' के नारे
क्या है खबर?
गणतंत्र दिवस के मौके पर सिख अलगाववादियों के समूह ने अमेरिका में भारतीय दूतावास के सामने भारतीय झंडा जलाने की कोशिश की। 'सिख फॉर जस्टिस' (SFJ) सिखों के लिए अलग देश खालिस्तान का समर्थन करता है। अपने प्रदर्शन में उसने खालिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाए। इस दौरान भारतीय मूल के अमेरिकी लोगों ने इसका जमकर विरोध किया। स्थानीय सिख समुदाय ने इस विरोध प्रदर्शन की आलोचना की है। घटनास्थल पर पाकिस्तानी मीडिया के कुछ संवाददाता भी मौजूद थे।
भारत माता की जय
तिरंगा जलाने की कोशिश के विरोध में नारे
शनिवार को SFJ ने भारतीय दूतावास के सामने तिरंगा जलाने की कोशिश की। प्रदर्शन की जगह पर SFJ समर्थकों की तुलना में भारतीय मूल के अमेरिकी लोगों की संख्या ज्यादा थी। उन्होंने तिरंगा जलाने के प्रयासों का विरोध करते हुए वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए। उन्होंने भारतीय झंडे भी फहराए। दोनों तरफ के लोगों के टकराव के बीच अमेरिकी कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने भारतीय झंडा जलाने के किसी भी प्रयास को लेकर चेतावनी जारी की।
सिख फॉर जस्टिस
ट्विटर ने सस्पेंड किया SFJ का अकाउंट
खालिस्तान के समर्थन और भारत के विरोध में अभियान चलाने वाले SFJ के ट्विटर अकाउंट को सस्पेंड कर दिया गया है। बता दें ट्विटर उन अकाउंट को सस्पेंड करता है जो उसके नियमों का उल्लंघन करते हैं। माना जा रहा है कि ट्विटर ने भारत विरोधी अभियान चलाने के लिए SFJ का अकाउंट सस्पेंड किया है। SFJ 2020 में खालिस्तान बनाने के लिए अनौपचारिक जनमत संग्रह की मांग करता रहा है। समूह कश्मीर आजादी आंदोलन का भी समर्थन करता है।
अभिव्यक्ति की आजादी
कानून का गलत फायदा उठा रहे भारत विरोधी समूह
बता दें कि अमेरिका और कनाडा जैसे देशों में 'अभिव्यक्ति की आजादी' का फायदा उठा कर खालिस्तान समर्थक अपनी आवाज ऊंची करते रहते हैं। कनाडा में यह समस्या ज्यादा विकराल है। भारत सरकार इन देशों से लगातार अपील करती रहती है कि वह अपने यहां भारत विरोधी प्रदर्शनों पर रोक लगाएं। लेकिन अभिव्यक्ति की आजादी और स्थानीय राजनीति का हवाला देकर ये देश ऐसे समूहों और प्रदर्शनों पर कोई कार्रवाई करने में असमर्थता जाहिर कर देते हैं।