Page Loader
गणतंत्र दिवस परेड: देश के इतिहास में पहली बार महिला करेगी पुरुष सैन्य टुकड़ी का नेतृत्व

गणतंत्र दिवस परेड: देश के इतिहास में पहली बार महिला करेगी पुरुष सैन्य टुकड़ी का नेतृत्व

Jan 25, 2019
11:36 am

क्या है खबर?

70वें गणतंत्र दिवस की परेड खास होने जा रही है क्योंकि इस बार राजपथ पर नारी शक्ति का दम दिखेगा। देश के इतिहास में पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में एक महिला पुरुष सैन्य टुकड़ी का नेतृत्व करेगी। लेफ्टिनेंट भावना कस्तूरी के नेतृत्व में 144 जवान 26 जनवरी को राजपथ पर मार्च करेंगे। इसके अलावा महिला अफसर शिखा सुरभि भी बाइक स्टंट करने वाली आर्मी डेयरडेविल्स टीम का हिस्सा बनने वाली पहली महिला बनकर इतिहास रचेंगी।

लेफ्टिनेंट भावना

6 महीने से कर रही हैं कड़ी मेहनत

लेफ्टिनेंट भावना को टुकड़ी लीड करने के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट की चुनौती से गुजरना पड़ा। सारी प्रक्रिया के बाद 2 अधिकारियों को चुना गया, जिसमें एक लेफ्टिनेंट भावना थीं। वह इसके लिए पिछले 6 महीने से कड़ी मेहनत कर रही थीं। उन्होंने बातचीत में कहा, "जब मैं सैन्य बलों के कमांडर के सामने कमांड दूंगी और वह मेरा सेल्यूट लेंगे तो यह वह पल होगा जिसका मैंने सपना देखा था।" लेफ्टिनेंट भावना ढाई साल पहले भारतीय सेना से जुड़ी थीं।

NCC

पहले भी कर चुकी हैं राजपथ पर मार्च

हैदराबाद की रहने वाली लेफ्टिनेंट भावना सेना में शामिल होने वाली अपने परिवार की पहली सदस्य हैं। वह अभी भारतीय सेना की सबसे पुरानी रेजीमेंट आर्मी सर्विस कॉर्प्स में तैनात हैं। लेफ्टिनेंट भावना 9 साल पहले भी राजपथ पर मार्च कर चुकी हैं। तब वह नेशनल कैडेट कॉर्प्स (NCC) का हिस्सा थीं। वह स्कूल के दिनों में NCC से जुड़ी थीं। उनका मानना है कि सेना में शामिल होने के बाद उनके जीवन में अनुशासन आया है।

कैप्टन शिखा सुरभि

पहली बार बाइक पर खतरनाक स्टंट करेगी महिला अफसर

राजपथ पर महिला शक्ति की झलक दिखाते हुए एक और महिला अफसर कैप्टन शिखा सुरभि आर्मी डेयरडेविल्स टीम का हिस्सा होंगी। इस टीम के नाम 24 विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। कैप्टन सुरभि इस टीम में शामिल होने वाली पहली महिला अफसर हैं और वह अपने पुरुष साथियों के साथ खतरनाक स्टंट करते हुए नजर आएंगी। अन्य महिला अफसर कैप्टेन भावना स्याल के लिए भी यह दिन खास होगा और वह ट्रांसपोर्टेबल सैटेलाइट टर्मिनल के साथ परेड में हिस्सा लेंगी।

इंडियन नेशनल आर्मी

INA के पूर्व अफसर भी लेंगे परेड में पहली बार हिस्सा

असम राइफल्स की महिलाओं की पूरी एक टुकड़ी भी इस बार राजपथ पर कदमताल करेगी। दिल्ली हेडक्वार्टर के स्टाफ चीफ मेजर जनरल राजपाल पुनिया ने इस मौके पर कहा, "इस गणतंत्र दिवस परेड में नारी शक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। असल राइफल्स की महिला टुकड़ी के साथ कई टुकड़ियों का महिला नेतृत्व करेंगी।" उन्होंने बताया कि इस साल पहली बार इंडियन नेशनल आर्मी के 90 साल से ऊपर के 4 पूर्व अफसर परेड में हिस्सा लेंगे।