
पाकिस्तान के पास शाहीन, गौरी समेत कौन-कौनसी मिसाइलें हैं और ये कितनी ताकतवर हैं?
क्या है खबर?
पाकिस्तान ने बीती रात भारत पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया था।
इनमें फतह-2 मिसाइल भी शामिल थी, जिसे पाकिस्तान ने दिल्ली पर दागा था, लेकिन भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने इसे हरियाणा के सिरसा में मार गिराया।
पाकिस्तान ने हाई स्पीड मिसाइलों से भारत के सैन्य अड्डों को भी निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, ये सब नाकाम कर दिए गए।
आइए जानते हैं पाकिस्तान के पास कौन-कौनसी मिसाइलें हैं।
फतह-2
कितनी ताकतवर है पाकिस्तान की फतह-2 मिसाइल?
फतह-2 सतह से सतह और सतह से हवा में वार कर सकती है। ये एक हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल है, जिसकी रेज 400 किलोमीटर से ज्यादा है।
फतह-2 पारंपरिक या संभावित रूप से परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है। पाकिस्तान दावा करता है कि इस मिसाइल को उसने पूरी तरह स्वदेशी तरीके से विकसित किया है।
इसमें एडवांस एवियोनिक्स, GPS/INS नेविगेशन और 10 मीटर से कम सर्कुलर एरर प्रोबेबल (CEP) के साथ सटीक निशाना लगाने की क्षमता है।
अब्दाली मिसाइल
अब्दाली मिसाइल की क्या है ताकत?
अब्दाली मिसाइल को हत्फ-2 नाम से भी जाना जाता है। ये कम दूरी की सतह से सतह पर मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल है।
इसका नाम 18वीं शताब्दी के अफगान शासक अहमद शाह अब्दाली के नाम पर रखा गया है।
इसकी रेंज 180 से 200 किलोमीटर तक है और ये 1,750 किलोग्राम वजनी है। ये अपने साथ 250-450 किलोग्राम का हाई एक्सप्लोसिव (HE) या इंप्रूवड कनवेंशनल म्यूनिशन (ICM) ले जा सकती है।
इसे ट्रक से लॉन्च किया जा सकता है।
शाहीन
कितनी ताकतवर है शाहीन मिसाइल?
यह पाकिस्तान की सबसे लंबी दूरी की मिसाइल है, जिसकी रेंज 2,750 किलोमीटर है।
यह सतह से सतह पर मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल है और अपने साथ परमाणु हथियार भी ले जा सकती है।
यह एक मल्टी स्टेज सॉलिड-फ्यूल रॉकेट पर चलती है। इसकी गति या मारक क्षमता के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन रेंज के हिसाब से ये पूरे भारत पर हमला कर सकती है।
इसका आखिरी परीक्षण 9 अप्रैल, 2022 को किया गया था।
गौरी
गौरी मिसाइल की क्या है खासियत?
गौरी मीडियम रेंज बैलिस्टिक मिसाइल है, जिसे हत्फ-5 नाम से भी जाना जाता है। इसे पाकिस्तान की तीसरी सबसे खतरनाक मिसाइल माना जाता है।
गौरी मिसाइल की लंबाई 15.90 मीटर और वजन 15,850 किलोग्राम है। इसकी रेंज 1,500 किलोमीटर तक है।
इसका आखिरी बार परीक्षण 15 अप्रैल, 2015 में किया गया था।
इसका नाम 12वीं शताब्दी के शासक सुल्तान शहाबुद्दीन गौरी के नाम पर रखा गया है। माना जाता है कि पाकिस्तान के पास 30 गौरी मिसाइलें हैं।
अन्य मिसाइलें
पाकिस्तान के पास ये मिसाइलें भी हैं
पाकिस्तान के पास बाबर मिसाइल भी है। ये एक सबसोनिक क्रूज मिसाइल है, जिसका वजन 1,500 किलोग्राम और लंबाई 6.2 मीटर है। 900 किलोमीटर रेंज वाली ये मिसाइल परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है।
इसके अलावा हत्फ-6 भी पाकिस्तानी वायुसेना के पास है, जिसे शाहीन-2 भी कहा जाता है। इस मिसाइल की रेंज 2,500 किलोमीटर है और यह हवा में 300 किलोमीटर की ऊंचाई तक जा सकती है। ये भी परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है।