Page Loader
इस पक्षी ने बिना रुके 11 दिन में भरी 13,560 किलोमीटर की उड़ान, बनाया रिकॉर्ड
बार-टेल्ड गॉडविट पक्षी ने बनाया बगैर रुके सबसे लंबे समय तक उड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड

इस पक्षी ने बिना रुके 11 दिन में भरी 13,560 किलोमीटर की उड़ान, बनाया रिकॉर्ड

लेखन गौसिया
Jan 05, 2023
03:41 pm

क्या है खबर?

कई पक्षी बदलते मौसम से बचने और भोजन तलाश करने के लिए एक जगह से दूसरी जगह उड़ते रहते हैं। इनमें कुछ पक्षी ऐसे भी होते हैं, जो बगैर रुके लंबे समय तक उड़ान भरते हैं। 234684 टैग नंबर से पहचाने जाने वाले बार-टेल्ड गॉडविट प्रजाति के पांच महीने के एक ऐसे ही पक्षी ने बिना रुके सबसे लंबी दूरी तक उड़ान भरने का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

रिकॉर्ड

पक्षी ने बिना रुके 11 दिन तक भरी उड़ान

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक, इस पक्षी की यात्रा 12 अक्टूबर, 2022 को अमेरिका के अलास्का से शुरू होकर ऑस्ट्रेलिया के तस्मानिया तक 13,560 किलोमीटर (8,435 मील) की रही। इस पक्षी ने बगैर रुके लगातार 11 दिन और एक घंटे तक अपनी उड़ान जारी रखी। उड़ान के दौरान गॉडविट की पीठ के निचले हिस्से में 5G सैटेलाइट टैग जुड़ा था, जिसकी मदद से उसे ट्रैक किया गया और उसकी यात्रा को मापा गया।

जानकारी

इसी प्रजाति के पक्षी ने 2020 में बनाया था पिछला रिकॉर्ड

सबसे अधिक लंबी दूरी तक उड़ान का पिछला रिकॉर्ड भी इसी प्रजाति के एक दूसरे पक्षी के नाम था, जो उसने 2020 में बनाया था। इस बार गॉडविट ने 350 किलोमीटर (217 मील) की दूरी से पिछला रिकॉर्ड तोड़कर नया रिकॉर्ड कायम किया है।

बयान

इन खूबी के कारण बगैर रुके लंबे समय तक उड़ने में सक्षम है यह पक्षी

बर्डलाइफ तस्मानिया के एरिक वोहलर ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड को बताया, "दिन और रात की उड़ान के दौरान गॉडविट अपने शरीर के वजन को आधा या उससे भी ज्यादा कम कर लेते हैं। इसके अलावा वह अपने अंगों को सिकोड़ लेते हैं, इसलिए हवा में उड़ने पर इस पक्षी का शरीर काफी छोटा हो जाता है। इसी खूबी की वजह से वह बगैर रुके लंबे समय तक उड़ पाते हैं।"

विशेषताएं

न्यूजबाइट्स प्लस

गॉडविट का आकार लड़ाकू विमान की तरह होता है और इसके लंबे-नुकीले पंख इसे हवा में तेज उड़ने की क्षमता देते हैं। इसका वजन 230 से 450 ग्राम के बीच होता है। इसके पंखों की चौड़ाई 70 से 80 सेंटीमीटर होती है। एक वयस्क गॉडविट की लंबाई 37 से 39 सेंटीमीटर के बीच होती है। पक्षियों की यह प्रजाति आमतौर पर अलास्का में पाई जाती है, लेकिन प्रवास के लिए यह ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का रुख करते हैं।