
FIH मेल प्लेयर ऑफ द ईयर अवार्ड जीतने वाले पहले भारतीय हॉकी खिलाड़ी बने मनप्रीत सिंह
क्या है खबर?
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह के लिए पिछला साल काफी शानदार रहा था और उन्होंने अपनी टीम को ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कराया।
स्टार मिडफील्डर को पिछले साल शानदार प्रदर्शन का ईनाम भी मिला और इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) ने उन्हें साल का बेस्ट खिलाड़ी चुना।
इस अवार्ड का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि इसे जीतने वाले मनप्रीत भारत के पहले खिलाड़ी हैं।
अवार्ड
बेल्ज़ियम के खिलाड़ी को हराकर मनप्रीत ने जीता अवार्ड
इस अवार्ड के लिए नेशनल एसोसिएशन, मीडिया, फैंस और प्लेयर्स ने वोटिंग की थी जिसमें मनप्रीत को कुल 35.2 प्रतिशत वोट मिले।
दूसरे नंबर पर बेल्ज़ियम के आर्थर वान डोरेन रहे जिन्हें 19.7 प्रतिशत वोट मिले तो वहीं तीसरे नंबर पर रहने वाले अर्जेंटीना के लुकास विया को 16.5 प्रतिशत वोट मिले।
अवार्ड के लिए बेल्ज़ियम के एक और खिलाड़ी तथा ऑस्ट्रेलिया के दो खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया था।
करियर
भारत के लिए 260 से ज़्यादा मुकाबले खेल चुके हैं मनप्रीत
मनप्रीत भारत के लिए 2012 लंदन और 2016 रियो ओलंपिक्स में खेल चुके हैं।
2011 में भारत के लिए डेब्यू करने के बाद मनप्रीत का करियर भारत के लिए काफी अच्छा रहा है और अब तक वह भारत के लिए 260 मुकाबले खेल चुके हैं।
पिछले साल मनप्रीत ने भारत को अपनी अगुवाई में FIH ओलंपिक क्वालीफायर्स जिताया था और टोक्यो ओलंपिक में भारत की जगह पक्की की थी।
महिला कैटेगिरी
नीदरलैंड की एवा ने जीता महिला कैटेगिरी का अवार्ड
महिला कैटेगिरी में नीदरलैंड की एवा डे गोडे ने अवार्ड जीतने में सफलता हासिल की है। गोडे को 33.5 प्रतिशत वोट मिले और वह पहले स्थान पर रहीं।
अर्जेंटीना की कार्ला रेबेच्छी को कुल 28.8 प्रतिशत वोट मिले तो वहीं जर्मनी की हाने मुलर-वीलैंड को 11.7 प्रतिशत वोट मिले।
युवा भारतीय मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद को FIH मेल राइजिंग स्टार ऑफ द ईयर का अवार्ड दिया गया।
अवार्ड की जानकारी
1998 से दिया जा रहा है यह अवार्ड
इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन हर साल पुरुष और महिला खिलाड़ियों में से बेस्ट खिलाड़ी चुनता है।
इस अवार्ड की शुरुआत 1998 में हुई थी। 2001 में इसमें यंग प्लेयर ऑफ द ईयर अवार्ड को भी जोड़ा गया था।
पुरुषों की कैटेगिरी में ऑस्ट्रेलिया ने सबसे ज़्यादा आठ बार साल के बेस्ट खिलाड़ी का अवार्ड जीता है।
अर्जेंटीना और नीदरलैंड ने सबसे ज़्यादा 10-10 बार महिलाओं की कैटेगिरी में इस अवार्ड को जीता है।