LOADING...
14वीं बार फ्रेंच ओपन चैंपियन बने राफेल नडाल, जानें उनके द्वारा हासिल की गई उपलब्धियां
सबसे अधिक 22 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी हैं नडाल (तस्वीर: ट्विटर/@rolandgarros)

14वीं बार फ्रेंच ओपन चैंपियन बने राफेल नडाल, जानें उनके द्वारा हासिल की गई उपलब्धियां

लेखन Neeraj Pandey
Jun 06, 2022
12:39 pm

क्या है खबर?

दिग्गज स्पैनिश टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने बीते रविवार को कैस्पर रुड को सीधे सेटों में 6-3, 6-3, 6-0 से हराते हुए फ्रेंच ओपन का खिताब जीता है। नडाल ने रिकॉर्ड 14वीं बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है। सेमीफाइनल मुकाबले में नडाल को अलेक्जेंडर ज्वेरेव से कड़ी टक्कर मिली थी, लेकिन बीच मैच से ज्वेरेव के हटने की वजह से वह फाइनल में पहुंचे थे। आइए जानते हैं नडाल के करियर की उपलब्धियां।

फ्रेंच ओपन

14 बार फ्रेंच ओपन जीत चुके हैं नडाल

नडाल ने 2005 में फ्रेंच ओपन डेब्यू किया था और पहले ही सीजन में चैंपियन बने थे। उन्होंने 2005, 2006, 2007, 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2017, 2018, 2019, 2020 और 2022 में अपने 14 टाइटल जीते हैं। 2015 में उन्हें क्वार्टर फाइनल और 2021 में सेमीफाइनल में हार मिली थी। 2009 में वह चौथे राउंड से और 2016 में तीसरे राउंड से बाहर हुए थे।

ग्रैंड स्लैम

ग्रैंड स्लैम में नडाल का रिकॉर्ड्

नडाल ने ग्रैंड स्लैम में 305 मैच जीते हैं और 41 में उन्हें हार मिली है। फ्रेंच ओपन की बात करें तो वह 112 मैच जीत चुके हैं और उन्हें केवल तीन में ही हार मिली है। यह नडाल का 30वां ग्रैंड स्लैम फाइनल था और वह केवल आठ फाइनल में ही हारे हैं। 14 फ्रेंच ओपन के अलावा नडाल अब तक दो बार ऑस्ट्रेलियन ओपन, दो बार विंबल्डन और चार बार यूएस ओपन भी जीत चुके हैं।

Advertisement

ओलंपिक

दो बार के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट हैं नडाल

ATP फाइनल्स में नडाल दो बार फाइनलिस्ट रह चुके हैं। उन्होंने 20 मैच जीते हैं और 16 बार हारे हैं। उन्होंने दो मैच नोवाक जोकोविच और रोजर फेडरर के खिलाफ गंवाए हैं। नडाल दो बार ओलंपिक गोल्ड भी जीत चुके हैं। 2008 बीजिंग ओलंपिक में उन्होंने पहले पुरुष एकल गोल्ड जीता था। इसके बाद 2016 रियो ओलंपिक में वह युगल वर्ग में गोल्ड मेडल विजेता रहे थे।

Advertisement

अनोखी उपलब्धियां

नडाल द्वारा हासिल की गई अनोखी उपलब्धियां

पुरुष सिंगल्स प्रतियोगिता में नडाल चार बार बिना कोई सेट गंवाए ग्रैंड स्लैम जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। उन्होंने चारों बार (2008, 2010, 2017, 2020) यह उपलब्धि फ्रेंच ओपन में ही हासिल की है। नडाल क्ले स्लैम जीतने वाले इकलौते खिलाडी़ भी हैं। वह मोंटे कार्लो, रोम, मैड्रिड और फ्रेंच ओपन में सफल रहे थे। उन्होंने 2010 में एक ही कैलेंडर ईयर में यह सफलता हासिल की थी।

Advertisement