LOADING...
फ्रेंच ओपन 2022: राफेल नडाल बने चैंपियन, रिकॉर्ड 14वीं बार जीता खिताब
14वीं बार फ्रेंच ओपन चैंपियन बने नडाल (तस्वीर: ट्विटर/@rolandgarros)

फ्रेंच ओपन 2022: राफेल नडाल बने चैंपियन, रिकॉर्ड 14वीं बार जीता खिताब

लेखन Neeraj Pandey
Jun 05, 2022
09:18 pm

क्या है खबर?

स्पेन के दिग्गज पुरुष टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने 14वीं बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीत लिया है। नडाल ने फाइनल में नॉर्वे में कैस्पर रुड को सीधे सेटों में 6-3, 6-3, 6-0 से हराते हुए खिताब पर अपना कब्जा जमाया है। नडाल ने फ्रेंच ओपन के फाइनल में अपना बेहतरीन रिकॉर्ड बनाए रखा और अब तक एक भी बार वह फाइनल में नही हारे हैं। आइए जानते हैं कैसा रहा फाइनल मुकाबला और क्या बने इसमें रिकॉर्ड्स।

दबदबा

पहले दो सेटों में रहा नडाल का दबदबा

14वें फ्रेंच ओपन फाइनल में नडाल ने पहले सेट में लगातार दो गेम जीतकर शानदार शुरुआत की थी। इसके बाद रुड ने वापसी की कोशिश की, लेकिन नडाल ने 6-3 से पहला सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में रुड का खेल और अच्छा रहा और उन्होंने 3-1 की बढ़त ले ली थी। हालांकि, इसके बाद नडाल की क्लास देखने को मिली और उन्होंने यह सेट भी 6-3 से अपने नाम किया।

जानकारी

तीसरे सेट में नहीं मिला रुड को कोई मौका

तीसरे सेट में नडाल ने रुड को कोई भी मौका नहीं दिया और 6-0 से सेट और मैच को अपने नाम किया। पहला सेट 51 और दूसरा 57 मिनट तक चला था, लेकिन तीसरा सेट आधे घंटे में ही समाप्त हो गया।

Advertisement

उपलब्धि

सबसे अधिक उम्र में फ्रेंच ओपन जीतने वाले खिलाड़ी बने नडाल

नडाल ने रुड को हराते हुए 14वीं बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने के अलावा एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह इस टूर्नामेंट को जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। नडाल ने 36 साल की उम्र में इस खिताब को 14वीं बार अपने नाम किया है। उन्होंने सबसे अधिक उम्र में फ्रेंच ओपन जीतने के आंद्रेस गिमेनो के रिकॉर्ड को तोड़ा है जिन्होंने 50 साल पहले 34 की उम्र में खिताब जीता था।

Advertisement

2022

2022 में नडाल ने जीता चौथा खिताब

इस साल नडाल ने 30 मैचों में जीत हासिल और केवल तीन में ही उन्हें हार मिली है। उन्होंने मेलबर्न में ट्रॉफी जीतते हुए साल की शुरुआत की थी और फिर ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतते हुए रिकॉर्ड 21वां ग्रैंड स्लैम हासिल किया था। इसके अलावा उन्होंने मैक्सिकन ओपन भी जीता था। उन्हें इंडियन वेल्श के फाइनल, मैड्रिड ओपन के क्वार्टर फाइनल और रोम में दूसरे राउंड में हार मिली थी।

Advertisement